Bihar, Rosda Election 2020: राजद ने जारी किया 'तेजस्वी तय है' चुनावी गीत, रोसड़ा में आज सभा की नहीं मिली अनुमति
Bihar Election 2020 तेजस्वी हेलीकाॅप्टर से रोसड़ा जाएंगे और तेज प्रताप के नामांकन के बाद लौट आएंगे। राजद अपने चुनावी कैंपेन की शुरुआत हसनपुर से करनेवाला था मगर सभा की अनुमति नहीं मिली। अपने अंदाज के लिए जाने जाते हैं तेज प्रताप। पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।
पटना, राज्य ब्यूरो । Bihar Election 2020: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव राजद के चुनावी अभियान की शुरुआत मंगलवार को रोसड़ा से करनेवाले थे। मगर प्रशासन से सभा की अनुमति नहीं मिली। मीडिया को यह जानकारी सभा से करीब एक घंटे पहले मिली। छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव ने बताया कि केवल हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति मिली है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण अब सभा नहीं होगी। अब तेजस्वी समस्तीपुर जिला में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से अपने बड़े भाई तेजप्रताप यादव के नामांकन कार्यक्रम में भाग लेने हेलीकॉप्टर से जाएंगे और नामांकन बाद लौट आएंगे।
उधर, विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने सोमवार को अपने चुनावी कैंपेन के लिए दो वीडियो जारी किए। राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और सांसद मनोज झा ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस बार बिहार में तेजस्वी की सरकार बनना तय है। दूसरे वीडियो का टाइटल तेजस्वी भव: बिहार दिया गया है।
परिवर्तन तय है
मनोज झा ने कहा कि पिछले 15 सालों में बिहार में सिर्फ बदहाली की तस्वीर है। लेकिन अबकी बदलाव की बयार बह रही है। जनता भी बदलाव चाहती है। चाहे वह शिक्षा हो या स्वास्थ्य, सभी क्षेत्रों में जनता इतनी ऊब गई है कि परिवर्तन तय है। तेजस्वी का आना भी तय है।
पलायन, घोटाला और भ्रष्टाचार बना मुद्दा
वीडियो में तेजस्वी भव: बिहार गाने के जरिए राज्य सरकार पर हमला बोला गया है। वीडियो में लॉकडाउन के दौरान बिहार के हालात को दिखाया गया है। कैसे लोग शहरों से गांवों की ओर बदहाल होकर लौटे। गाने के जरिए बिहार में घोटाले की बात कही गई है। अपराध और भ्रष्टाचार की तस्वीर दिखाते हुए राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की गई है।
मनोज झा ने कहा कि पार्टी इस बार तेजस्वी भव: बिहार के नारे के साथ चुनाव में जा रही है। अस्पतालों में इलाज नहीं हो रहा है। मरीजों के साथ मजाक हो रहा है। काम के नाम पर तमाशा हो रहा है। कहा कि बदलाव हमने नहीं, बल्कि बिहार के लोगों ने तय किया है।
चुनाव में जहर लेकर ना जाएं
बक्सर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बारे में मनोज ने कहा कि ऐसी घटनाओं को भी रोकने में सरकार पूरी तरह विफल है। जदयू प्रत्याशी मंजू वर्मा के विवादित बयान पर राजद प्रवक्ता ने कहा कि मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना ही कर सकता हूं और कुछ नहीं। चुनाव में जाने का मतलब यह नहीं होता है कि हम दूसरे के खिलाफ जहर लेकर जाएं।