बिहार चुनाव 2020: मुजफ्फरपुर में कुल 57.57 फीसद मतदान, सबसे अधिक बोचहां में 61.80 प्रतिशत पड़े वोट
Bihar Election 2020 नगर विकास व आवास मंत्री की प्रतिष्ठा भी दांव पर। औराई विधानसभा में बूथ संख्या 190.के मतदानकर्मी की मौत रुकावट के बाद मतदान शुरू। तीसरे चरण में जिले की छह विधानसभा सीट सकरा कुढऩी बोचहां गायघाट औराई व मुजफ्फरपुर नगर में डाले जा रहे वोट।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले की छह विधानसभा क्षेत्र के लिए कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। छठ से कुछ दिन पहले मनाए जा रहे लोकतंत्र के महापर्व को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह है। बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी रही। जिले में तीसरे व अंतिम चरण में कुल 57.57 फीसद मतदान हुआ। मुजफ्फरपुर विधानसभा में सबसे कम 51.14 फीसद वोट पड़े। सबसे ज्यादा वोट 61.80 फीसद वोट बोचहां विधानसभा में पड़ा। गायघाट में 57.10 फीसद , सकरा में 60.50 फीसद , कुढ़नी में 59.30 फीसद व औराई में 56.70 फीसद पड़े वोट। कई बूथों से ईवीएम में गड़बड़ी की सूचना के बाद उसे सही कर मतदान शुरू करा दिया गया । वहीं औराई विधानसभा में बूथ संख्या 190 पर एक मतदान कर्मी की मौत हो गई। कुछ रुकावट के बाद वहां मतदान शुरू हो गया है।
जिले की छह विधानसभा मुजफ्फरपुर, औराई, गायघाट, सकरा, बोचहां व कुढ़नी में 118 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें सबसे अधिक 28 उम्मीदवार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां से नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा का भविष्य भी दांव पर है। वहीं सकरा में सबसे कम 11 उम्मीदवार ही मैदान में हैं। करीब 17 लाख 95 हजार मतदाता इन विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनमें से 4278 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोट डाल दिया है। शेष मतदाताओं को वोट डालने के लिए 2564 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 11 आदर्श व 12 पिंक बूथ हैं। 13 हजार 61 मतदान कर्मी चुनाव में लगाए गए हैं। 286 माइक्रो ऑब्जर्वर व 1058 पीसीसीपी पेट्रोलिंग कम कलेक्टिंग पार्टी है। इन क्षेत्रों में 157 नक्सल प्रभावित बूथ होने के बाद भी सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। जिले की 11 विधानसभा सीटों में से पांच पर तीन नवंबर को वोट डाले गए थे। इसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से करीब आठ फीसद अधिक थी।
इस चरण की छह विधानसभा सीटों में कुल 118 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। डीएम ने कहा कि सभी केंद्रों को सैनिटाइज करा दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न जगहों पर चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत सभी मतदान केंद्रों पर कोरोना से बचाव को निर्धारित मापदंडों के तहत सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे। ग्लव्स दिया जाएगा। इसे पहनकर ही ईवीएम का बटन दबाना है। इसके बाद उसे डस्टबिन में डाल देंगे।