Bihar Election 2020: नित्यानंद राय के आतंकवादी वाले बयान पर बवाल, डैमेज कंट्रोल में जुटी BJP
Bihar Election 2020 भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा नित्यानंद राय को गलत ढंग से पेश किया गया। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा ऐसा नहीं बोलना चाहिए। राजद का सवाल-महागठबंधन को वोट देने वाले आतंकी हैं? आखिर क्या बयान दे डाला जानिए।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Election 2020: "कश्मीर से आतंकियों को भगाया जा रहा है। महागठबंधन की सरकार बनी तो आतंकवादी बिहार में पनाह लेने लगेंगे।" केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के बयान पर दूसरे दिन भी बिहार की सियासत गरमाई रही। विपक्ष के अलावा जदयू के कड़े रूख को देखते हुए भाजपा अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है।
भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने 14 अक्टूबर, बुधवार को कहा कि नित्यानंद राय के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। उनकी भावना राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी थी। इसे गलत तरीके से पेश किया गया।
राजद बना सकता चुनावी मुद्दा
प्रदेश जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष डा. अशोक चौधरी ने भी राय के बयान से असहमति जाहिर की। उन्होंने कहा-केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को इस तरह के बयान से बचना चाहिए। जदयू की प्रतिक्रिया जहां संतुलित है, विपक्षी राजद ने राय के बयान को चुनावी मुददा बनाने का संकेत दिया है। राजद और कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से पूछा है-क्या महागठबंधन को वोट देने वाले आतंकी हैं। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि बिहार में बेरोजगारी और गरीबी का आतंक किसने पैदा किया, इसका जवाब भी उन्हें देना चाहिए।
नीतीश पर भरोसा नहीं है क्या
राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि नित्यानंद राय अतीत से सबक नहीं सीख रहे हैं। उन्हें नीतीश कुमार के विकास पर भरोसा नहीं है। इसलिए सांप्रदायिक नुस्खे का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे भूल रहे हैं कि 2015 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था-बिहार में भाजपा हारेगी तो पाकिस्तान में पटाखे फूटेंगे। जनता ने भाजपा को हरा दिया। उन्होंने कहा कि राय का बयान देश के लिए चिंता का विषय है। तिवारी ने पूछा-क्या भारत सरकार का गृह मंत्रालय इतना अक्षम हो गया है कि कश्मीर के आतंकवादी बेरोक टोक बिहार आ जाएंगे।