Bihar Election 2020: लोजपा चुनाव में पीएम मोदी की तस्वीर प्रयाेग करेगी तो चुनाव आयोग देगा सजा : सुशील मोदी
Bihar Election 2020 जदयू और भाजपा में सीटों के बंटवारे के साथ ही भाजपा ने चिराग पासवान पर अपना स्टैंड क्लियर किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा एनडीए में वहीं रहेंगे जिन्हें नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार हो। भाजपा नेताओं ने चिराग को लिया निशाने पर।
पटना, जेएनएन। Bihar Election 2020: जदयू और भाजपा में सीटों के बंटवारे के साथ ही भाजपा ने यह भी साफ कर दिया गया कि बिहार में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में ही एनडीए चुनाव मैदान में जाएगा। लोजपा का नाम लिए बगैर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि एनडीए में वही रहेंगे, जिन्हें नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार है। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) सुशील कुमार मोदी (Susheel Kumar Modi) ने कहा कि चुनाव में एनडीए के अलावा कोई राजनीतिक दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की तस्वीर का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। हम निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) को लिख कर देंगे कि केवल एनडीए में शामिल चार पार्टी जदयू (JDU) , भाजपा (BJP) , हम (HAM) और वीआइपी (VIP) ही चुनाव में प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करेंगे। यदि कोई और राजनीतिक दल पीएम की तस्वीर का इस्तेमाल करेगा तो चुनाव आयोग उन्हें नियमानुसार सजा देगा। मालूम हो कि चिराग पासवान ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री का चेहरा आगे कर चुनाव में जाएंगे।
रामविलास पासवान स्वस्थ होते तो ऐसा नहीं होता
सुशील मोदी ने कहा एनडीए ने बिहार में नीतीश कुमार को ही अपना नेता स्वीकार किया है। इसमें कोई भ्रम नहीं। राजग से लोजपा के अलग होने से जुड़े प्रश्न पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर रामविलास पासवान स्वस्थ रहते तो ऐसा नहीं होता। दोनों नेताओं ने एनडीए की सीटों की घोषणा के मौके पर आयोजित भाजपा -जदयू के संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही।
नीतीश कुमार एनडीए का चेहरा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि जदयू और भाजपा का गठबंधन अटूट है। एनडीए में वही रहेंगे जिन्हें नीतीश का नेतृत्व स्वीकार्य है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सभी वर्गों का विकास हुआ है। जायसवाल ने कहा कि बिहार नीतीश कुमार हमारे गठबंधन का चेहरा हैं। उन्होंने इसे दोहराया भी। यह कहा कि कोरोना काल में नीतीश ने काफी काम किया है।
हो गया फैसला
बता दें कि 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में जेडीयू (JDU) को 122 सीटें मिली है, इसमें से जेडीयू अपने कोटे से जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को 7 सीटें देंगी। इसमें पहले चरण में ही छह सीटें हैं। इस तरह से जेडीयू 115 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 121 सीटें मिली है। भाजपा अपने कोटे से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को छह सीटें देगी। इस हिसाब से जदयू और भाजपा बराबर-बराबर 115-115 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे।