Bihar Election 2020: चिराग के मान जाने और भूपेंद्र-फड़नवीस की मुलाकात की चर्चा चलती रही पूरे दिन
बिहार चुनाव में एनडीए की सीट शेयरिंग को लेकर पूरे दिन चर्चा राजनीतिक गलियारे में चलती रही। चर्चा के केंद्र में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का मान जाना और भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव व देवेंद्र फड़नवीस की जदयू दिग्गजों से मुलाकात रही।
पटना, जेएनएन। एनडीए की सीट शेयरिंग को लेकर पूरे दिन किस्म-किस्म की चर्चा राजनीतिक गलियारे में चलती रही। चर्चा के केंद्र में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का मान जाना और भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव व देवेंद्र फड़नवीस की जदयू दिग्गजों से मुलाकात रही।
चिराग पासवान के बारे में यह बात तैरती रही कि वह कल तक यानी शुक्रवार को पटना आ रहे हैैं। वह मान गए हैैं और एनडीए गठबंधन में रहकर ही लोजपा चुनाव लड़ेगी। अपनी पसंद की सीटों की सूची उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को दी थी। भूपेंद्र यादव और देवेंद्र फड़नवीस ने लोजपा की सूची पर जदयू के दिग्गजों से बात की है। आखिरकार उस पर सहमति बन गई है।
संभव है कि लोजपा को पसंद की सीटें मिल जाएं
संभव है कि लोजपा को पसंद की सीटें मिल जाएं। यह भी चर्चा रही कि भूपेंद्र यादव व देवेंद्र फड़नवीस ने देर शाम मुख्यमंत्री से भी भेंट की है पर इसकी पुुष्टि नहीं हो पाई। वैसे जदयू नेता व लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ भाजपा नेताओं की लंबी बैठक जरूर हुई। बैठक न भाजपा दफ्तर में हुई और न ही जदयू दफ्तर में। राजधानी के एक मुहल्ले में स्थित आवास पर सीटों पर चर्चा हुई। जदयू दफ्तर में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी कई घंटे तक लोगों से मिलते रहे।
इस बार तीन चरणों में होगा चुनाव
बिहार विधानसभा का बिगुल बज चुका है। कोरोना काल में ये देश का पहला चुनाव है। बिहार विधानसभा चुनावतीन चरणों में होगा। पहले फेज में इसी माह की 28 अक्टूबर को मतदाता वोट देंगे। दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे फेज में सात नवंबर को वोट डालेंगे। चुनाव परिणाम दस नवंबर को आ जाएंगे। बताते चलें कि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो रहा है।