Bihar Election 2020: सीएम नीतीश कुमार ने लिखा खुला पत्र, आशीर्वाद मिला तो सक्षम व स्वावलंबी बिहार बनाएंगे
Bihar Election 2020 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश की जनता के नाम खुला पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में सात निश्चय पार्ट-टू को लागू करने की बात कहीं। जानिए महिलाओं युवा रोजगार स्वास्थ्य के क्षेत्र इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और कृषि के लिए क्या काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Election 2020: मुुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सूबे की जनता के नाम एक खुला पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि अगर उन्हें आशीर्वाद मिला तो आने वाले समय में सक्षम एवं स्वावलंबी बिहार बनाएंगे। हमारा काम सबके सामने है।
सात निश्चय पार्ट-टू लागू करेंगे
मुख्यमंत्री ने अपने खुले पत्र में भविष्य की अपनी प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि यदि उन्हें अगली बार सेवा का मौका मिलता है तो सात निश्चय का द्वितीय चरण लागू करेंगे। इन निश्चयों में युवा शक्ति को हुनरमंद बनाने , महिलाओं को सक्षम एवं स्वावलंबी बनाने, हर खेत तक पानी पहुंचाने, स्वच्छ एवं समृद्ध गांव तथा शहर बनाने, महत्वपूर्ण स्थानों तक सुलभ संपर्कता की दिशा में काम करेंगे। मनुष्य एवं पशुओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी संकल्प है।
अपनी उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने लोगों का आभार जताते हुए लिखा है कि उन्हें 2005 से बिहार की सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने समाज में अमन-चैन और भाईचारे का वातावरण बनाया। डर का माहौल खत्म हुआ और सभी क्षेत्रों में विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया है। छात्र-छात्राओं को साईकिल, पोशाक व छात्रवृत्ति दी गयी। अस्पतालों में इलाज की बेहतर व्यवस्था की गयी। राज्य के दूरस्थ इलाके से छह घंटे के भीतर पटना पहुंचना संभव हुआ। विकसित बिहार के सात निश्चयों के तहत हर घर में बिजली पहुंचाई गई। हर घर में शौचालय का काम, हर टोले तक संपर्कता का काम लगभग पूर्ण है। 83 प्रतिशत घरों में पीने का पानी उपलब्ध है। लक्ष्य लगभग पूरा हुआ है।
महिलाओं के लिए खास ये किया
पंचायती राज संस्थाओं तथा नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के अलावा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। दस लाख से अधिक जीविका समूहों के माध्यम से 1.20 करोड़ महिलाओं को इससे जोड़ा गया। अल्पसंख्यकों को विकास की मुख्य धारा में लाने को ले कई कल्याणकारी कार्यक्रम चलाए गए हैैं।