Bihar Chunav 2020: तेजाब कांड को याद दिला भाजपा अध्यक्ष ने मांगा वोट, कहा-बाहुबलियों के आकाओं को मिलेगा करारा जवाब
Bihar Chunav 2020 नड्डा ने सिवान के गांधी मैदान में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। हमें बिहार के विकास में नया आयाम जोड़ना है। मोदी-नीतीश हैं तो विकास है राजद और भाकपा माले का मतलब विनाश है।
सिवान, जेएनएन। Bihar Chunav 2020: राजद के बाहुबली नेता और सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन जेल में बंद हैं। एक दशक से अधिक समय से न तो खुद सांसद हैं और न ही उनकी पत्नी चुनाव जीत पाई है। इसके बावजूद विपक्ष के लिए अब भी वह मुद्दा हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को सिवान में चुनाव प्रचार करने पहुंचे तो शहाबुद्दीन के चलती के जमाने की घटनाओं को याद दिलाया। उन्होंने तेजाब कांड को याद दिला बिहार में विकास और शांति के लिए एनडीए सरकार को एक मात्र रास्ता बताया।
बिहार की जनता को गुंडाराज चाहिए या कानून का राज?
बाहुबल चाहिए या विकास का बल?
लूट की सरकार चाहिए या सीधे बैंक खाते में पैसा चाहिए?
इसके लिए रास्ता सिर्फ एक ही है, वो है एनडीए की सरकार।
- श्री @JPNadda pic.twitter.com/VMIpRIGFZM— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 30, 2020
राजद शासन काल में अपहरण बना उद्योग
नड्डा ने सिवान के गांधी मैदान में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। हमें बिहार के विकास में नया आयाम जोड़ना है। मोदी-नीतीश हैं तो विकास है, राजद और भाकपा माले का मतलब विनाश है। राजद के शासन में अपहरण उद्योग बन गया था। शहाबुद्दीन ने दो भाइयों को तेजाब से नहलाया, उन्हें नीतीश ने जेल में डाला। आज भी राजद का इरादा यही है।
राम मंदिर को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला
नड्डा ने कहा, 15 साल पहले अगड़ा-पिछड़ा, गंगा के इस पार और उस पार, बाएं और दाएं के नाम पर लोग चुनाव लड़ते थे। जाति बड़ा मुद्दा होती थी, लेकिन एनडीए की मोदी सरकार ने जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर वोट मांगने की परिपाटी को बदल दिया। अब चुनाव में सिर्फ विकास ही मुद्दा होता है। एक करोड़ 25 लाख का पैकेज बिहार को देने वाली बात को लालू प्रसाद ने जुमला बताया था, जबकि मोदी सरकार ने बिहार को तीन साल में 10 हजार करोड़ शिक्षा, छह हजार स्वास्थ्य, दरभंगा एम्स, 11 मेडिकल कॉलेज दिए। पीएम मोदी जो कहते हैं, करते हैं। पहले लोग नारे लगाते थे कि एक देश में दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे। जब नरेंद्र मोदी के पास 303 सांसद हुए तो धारा 370 को निरस्त कर दिया गया। राम मंदिर को कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने लटकाए रखा। तब सुप्रीम कोर्ट ने डे-टू-डे सुनवाई कर फैसला किया।
मंगल और प्रेम ने लगाया जोर
राज्य के मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि रोजगार छीनने वाले आज रोजगार देने की बातें कर रहे हैं। लोगों से कहा कि क्या नौवीं पास को अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि इस चुनाव में अपराध से आजादी का मुद्दा ही सिवान के लिए सबसे बड़ा मुद्दा होगा। राजद की सरकार में दर्जनों परिवार उजड़ गए थे, दर्जनों महिलाओं की मांग का सिंदूर धुल गया था। मौके पर छत्तीसगढ़ के भाजपा सांसद संतोष पांडेय, यूपी के सलेमपुर के सांसद रविंद्र कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह भी मौजूद थे।