Bihar Election 2020: तेजस्वी ने राघोपुर से किया नामांकन, बोले: हिम्मत है तो मुझसे चुनाव लड़ें CM नीतीश
Bihar Assembly Election 2020 आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को राघोपुर से नामांकन दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश पर जमकर हमला बोला। कहा कि वे अपने गृह जिला नालंदा में ही चुनाव लड़ कर दिखा दें।
पटना, जागरण टीम। Bihar Assembly Election 2020: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बुधवार को राघोपुर क्षेत्र (Raghopur Assembly Seat) से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर नामांकन दाखिल किया। उनके साथ आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव भी थे। नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को उनके गृह जिला नालंदा की किसी भी सीट पर पराजित करने की खुली चुनौती (Challenge) दी। साथ ही अपनी सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक (First Cabinet Meeting) में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात दुहराई।
तेजस्वी यादव ने हाजीपुर एसडीओ सह निर्वाची अधिकारी के समक्ष राघोपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के समय उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव, पूर्व सांसद राजनीति प्रसाद, एमएलसी भोला यादव भी मौजूद थे।
बीते चुनाव में राघोपुर से ही दर्ज की थी जीत
विदित हो कि तेजस्वी यादव ने 2015 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद वे महागठबंधन (Mahagathbandhan) की सरकार में उपमुख्यमंत्री (Dy.CM) बने थे। बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ चले जाने के कारण वह सरकार गिर गई थी। उसके बाद से बिहार में राष्ट्रीय जनतांतत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार है।
तेजस्वी बोले: हम जो कहते हैं वह करते हैं
बुधवार को नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया। कहा कि एनडीए के लोगों को उनके 10 लाख रोजगार (10 Lakhs Employment) देने की बात पर हंसी आती है। लेकिन आरजेडी में हम जो कहते हैं, वह करते हैं। बीते चुनाव में हमारा कमिटमेंट था कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री (CM) बनाएंगे तो उन्हें कम सीट आने पर भी मुख्यमंत्री बनाया। हम आज 10 लाख रोजगार देने की बात कह रहे हैं तो वह भी जरूर करेंगे। इसके साथ ही समान काम का समान वेतन दिया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि वे बेरोजगारी के सवाल पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।
हिम्मत है तो चुनाव लड़ें नीतीश-सुशील मोदी
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी में हिम्मत है तो वे विधानसभा का चुनाव लड़ें। उन्होंने चुनौती दी कि यदि नीतीश कुमार अपने गृह जिले नालंदा में चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके खिलाफ नामांकन करेंगे। तेजस्वी ने सुशील कुमार मोदी के विधानसभा चुनाव लड़ने पर उनके खिलाफ भी चुनाव लड़ने और उन्हें शिकस्त देने की बात कही।
लालू परिवार की परंपरागत सीट राघोपुर
राघोपुर में तेजस्वी का मुकाबला बीजेपी प्रत्याशी सतीश कुमार से होगा। पिछली बार भी तेजस्वी ने सतीश कुमार को ही हराया था। सतीश लगातार तीसरी बार राघोपुर से किस्मत आजमा रहे हैं। राघोपुर सीट को लालू परिवार का गढ़ माना जाता है। यहां तेजस्वी यादव की मां राबड़ी देवी भी चुनाव लड़ चुकी हैं।
10 लाख नौकरी देने का किया है वादा
तेजस्वी ने वादा किया है कि यदि उनकी सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट मीटिंग में ही 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। तेजस्वी ने यह भी कहा है कि ये सरकारी नौकरियां स्थायी होंगीं। इससे पहले तेजस्वी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेर चुके हैं। उन्होंने बीते पांच सितंबर को बेरोजगरों के लिए एक वेबसाइट तथा फोन नंबर जारी किया था। उन्होंने बताया कि वहां 22 लाख से अधिक बेरोजगारों ने निबंधन करवाया है।