Bihar Assembly Election: नीतीश पहुंचे समर्थन में वोट मांगने, सभा से पहले प्रत्याशी ने दिया बेटी को जन्म
Bihar Assembly Election 2020 आरा की जगदीशपुर विधानसभा सीट से जदयू उम्मीदवार सुशुमलता कुशवाहा ने रविवार को पटना में बेटी को जन्म दिया। सुशुमलता के समर्थन में मुख्यमंत्री व उपमुख्य मंत्री चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
भोजपुर, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए प्रत्याशियों के बीच रस्साकशी जारी है। चुनाव परिणाम से पहले ही एक उम्मीदवार को अच्छी खबर मिल गई है। भोजपुर जिले की जगदीशपुर विधानसभा सीट से जनता दल युनाइटेड (जदयू) उम्मीदवार सुशुमलता कुशवाहा ने रविवार को बेटी को जन्म दिया। सुशुमलता के समर्थन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी चुनावी सभा को संबोधित करने जगदीशपुर पहुंचे थे।
सभा से पहले प्रसव पीड़ा होने पर कराया था भर्ती
बताते चलें कि दो दिन पहले सांसद आरसीपी सिंह जदयू प्रत्याशी के समर्थन में सभा करने आए थे। जिसमें सुशुमलता भी मौजूद थीं। प्रसव पीड़ा होने पर उनको पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार की दोपहर उन्होंने बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। पहले से भी सुशुमलता कुशवाहा एक बेटी की मां हैं।
मुखिया से राजनीति में रखा कदम
मुखिया से राजनीति में कदम रखने वाली सुषुमलता कुशवाहा को इसबार राजद विधायक रामविशुन लोहिया के खिलाफ एनडीए ने चुनाव मैदान में उतारा है। भोजपुर जिले की जगदीशपुर विधानसभा सीट से इसबार कई प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भोजपुर की जगदीशपुर विधानसभा सीट के लिए 18 उम्मीदवारों में सुशुमलता कुशवाहा एकलौती महिला प्रत्याशी हैं। महागठबंधन की ओर से राजद के सीटिंग विधायक रामविशुन सिंह लोहिया को टिकट दिया गया है, तो दूसरी ओर जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर सुशुमलता कुशवाहा एनडीए प्रत्याशी के तौर पर पहली बार ताल ठोक रही हैं।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।