Bihar Assembly Election: पिछली बार 22 सीटों पर JDU का LJP के साथ था मुकाबला, रामविलास के स्वजन भी गए थे हार
लोजपा की ओर से जदयू और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के हिस्से की सभी 122 सीटों पर प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं। कितनी सीटों पर सीधे मुकाबले की स्थिति बनेगी यह तो वक्त बताएगा पिछले विधानसभा चुनाव में जदयू और लोजपा की 22 सीटों पर सीधी टक्कर हुई थी।
अरविंद शर्मा, पटना। विधानसभा चुनाव में अबकी लोजपा की ओर से जदयू और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के हिस्से की सभी 122 सीटों पर प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं। कितनी सीटों पर सीधे मुकाबले की स्थिति बनेगी, यह तो वक्त बताएगा, किंतु पिछले विधानसभा चुनाव में जदयू और लोजपा की 22 सीटों पर सीधी टक्कर हुई थी। जदयू महागठबंधन में था और लोजपा राजग में। सीधी टक्कर वाली 22 में से 21 सीटों पर जदयू के प्रत्याशी को सफलता मिली थी। केवल एक सीट पर सीधे मुकाबले में जदयू प्रत्याशी की हार हुई थी। इस बार भी फील्ड इस तरह से सजी है कि जदयू फिर उन अधिसंख्य सीटों पर है, जहां पिछली बार उसके सामने लोजपा थी। इनमें दो-तीन विधानसभा क्षेत्रों को अगर छोड़ दें तो सभी पर जीत-हार का बड़ा अंतर था।
दो दामाद और एक भतीजे को मिली थी हार
पांच साल पहले रामविलास पासवान के दो दामाद और एक भतीजे को भी हार का सामना करना पड़ा था और हैरत यह भी कि सीधी भिड़ंत में तीनों को जदयू ने हराया था। लोजपा की परंपरागत सीटों में समस्तीपुर जिले की कल्याणपुर सीट को माना जाता है, जहां से पिछली बार लोजपा प्रमुख के भाई और तत्कालीन सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस राज को प्रत्याशी बनाया गया था। उनके सामने थे जदयू के महेश्वर हजारी। हजारी परिवार की पासवान से रिश्तेदारी भी है। मुकाबला दिलचस्प हुआ, किंतु प्रिंस को 37 हजार मत कम मिले।
रामविलास पासवान के दामाद मृणाल थे प्रत्याशी
कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र से रामविलास पासवान के दामाद मृणाल को लोजपा ने प्रत्याशी बनाया था। उनके सामने थे जदयू के शशिभूषण हजारी। यहां भी पासवान परिवार को झटका लगा। हजारी ने मृणाल को करीब 20 हजार वोटों से हराया। रामविलास के एक अन्य दामाद अनिल कुमार उर्फ साधु बोचहां से चुनाव लड़े थे, जहां बुरी तरह पराजित हो गए। वहां से निर्दलीय बेबी कुमारी ने जदयू प्रत्याशी रमई राम को हराया था। साधु चौथे पायदान पर खिसक गए थे। सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र से लोजपा प्रत्याशी युसूफ सलाहुद्दीन को जदयू के दिनेशचंद्र यादव ने हरा दिया।
आलमनगर में जदयू के नरेंद्र नारायण यादव ने लोजपा के चंदन सिंह को, बाबूबरही में जदयू के कपिलदेव कामत ने लोजपा के विनोद कुमार सिंह को, गौरबौराम में मदन सहनी ने लोजपा के विनोद सहनी को हराया था। इसी तरह जमालपुर से शैलेश कुमार ने लोजपा के हिमांशु राय को हरा दिया था। लोजपा ने जिन दो सीटों पर जदयू को हराया था, उनमें लालगंज और गोविंदगंज शामिल है। लालगंज में लोजपा के राजकुमार शाह ने जदयू के मुन्ना शुक्ला को हराया था। गोविंदगंज में लोजपा के राजू तिवारी ने कांग्रेस के ब्रजेश कुमार को हराया था।
जदयू की इन सीटों पर थी सीधी भिड़ंत
बेलसंड, बाबूबरही, त्रिवेणीगंज, अररिया, ठाकुरगंज, आलमनगर, सोनबरसा, सिमरी बख्तियारपुर, कुशेश्वरस्थान, गोरा बौराम, हयाघाट, बड़हरिया, लालगंज, कल्याणपुर, वारिसनगर, चेरिया बरियारपुर, बल्दौर, नाथनगर, जमालपुर, अस्थावां, हरनौत, रफीगंज।