Bihar Assembly Election: चिराग पासवान बोले-नीतीश के नेतृत्व को मैं नहीं करता स्वीकार, अब लड़ने का समय
एलजेपी के अध्यक्ष चिराग पासवान लगातार नीतीश को घेरते जा रहे हैं। बिहार में जेडीयू के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार चुके चिराग ने एकबार फिर नीतीश कुमार पर जुबानी हमला किया है। चिराग ने कहा कि बिहार को और बर्बाद होते नहीं देखा जा सकता।
पटना, जेएनएन। लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के अध्यक्ष चिराग पासवान लगातार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरते जा रहे हैं। बिहार में जेडीयू के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार चुके चिराग ने एकबार फिर नीतीश कुमार पर जुबानी हमला किया है। चिराग ने कहा कि बिहार को और बर्बाद होते नहीं देखा जा सकता। नीतीश कुमार के नेतृत्व को मैं नहीं स्वीकार कर सकता। नीतीश कुमार से अब लड़ने का समय आ गया है।
ट्विटर पर चिराग ने स्व. राम विलास पासवान का एक वीडियो जारी किया। उसके बोल थे, ज़ुल्म करो मत, ज़ुल्म सहो मत। जीना है तो मरना सीखो, कदम-कदमपर लड़ना सीखो। चिराग ने कहा कि वो लड़ रहे हैं हमपर राज करने के लिए, हम लड़ रहे हैं खुद पर नाज करने के लिए। चिराग पासवान ने कहा कि राज करने के लिए फैसला करना होता तो मैं नीतीश के साथ रहता, लेकिन खुद को माफ नहीं कर पाता। बिहार को संवारना है और फिर बिहार पर नाज़ करना है। नीतीश कुमार असंभव।
सुशील मोदी दे चुके हैं चेतावनी
इसके पहले मंगलवार को उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा नहीं है। इस मुद्दे पर कहीं कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में भी लोजपा अलग चुनाव लड़ी थी। लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे या गैर-राजग दलों के प्रत्याशी अगर प्रधानमंत्री के नाम और तस्वीर का उपयोग करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिहार में भाजपा-जदयू का गठबंधन पिछले 22 वर्षों से अटूट है।