बिहार चुनाव 2020ः रवि किशन बोले- तेजस्वी की सभा में हुड़दंगियों की भीड़, चिराग पर भी साधा निशाना
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि तेजस्वी यादव की सभा में हुड़दंगियों की भीड़ हो रही है। अगर ये लोग सत्ता में आए तो यही हुड़दंगी सड़क पर आ जाएंगे। रवि किशन ब्रह्मपुर और बक्सर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
बक्सर, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का प्रचार थम चुका है। बुधवार को वोटिंग होगी।इस बीच रैलियों से मतदाताओं को रिझाने पर नेताओं का जोर जारी है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भाजपा सांसद और सिनेस्टार रवि किशन ने कहा कि तेजस्वी यादव की सभा में हुड़दंगियों की भीड़ हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर ये लोग सत्ता में आए तो यही हुड़दंगी सड़क पर आ जाएंगे। रवि किशन ब्रह्मपुर और बक्सर में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रोड शो के दौरान सभा को संबोधित कर रहे थे।
...तब होगा हुड़दंगियों का बिहार में राज
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के साथ विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार जय राज चौधरी के लिए समर्थन में आयोजित सभा मे उन्होंने कहा कि 15 साल पहले का बिहार और 15 साल बाद की सरकार में फर्क कर लीजिये, इसलिए आपको तय करना है कि हुडदंग वाला बिहार चाहिए या मोदी जी और नीतीश कुमार का विकास वाला बिहार चाहिए। उन्होंने इशारों में ही लोजपा को वोट कटवा पार्टी बताया।
जो बिहार के बेटे को न्यान नहीं दिला सका वो राज्य के लिए क्या करेगा
उन्होंने अपने भाषण में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को लेकर तेजस्वी यादव और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के बेटे सुशांत सिंह राजपूत को मुंबई में न्याय नहीं मिला, इस लिए क्योंकि वहां (महाराष्ट्र) सरकार कांग्रेस की है और तेजस्वी यादव उसी के साथ हैं। जो बिहार के बेटे को न्याय नहीं दिलवा सका वो बिहार के लिए क्या करेगा। मंच पर वीआइपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह मुख्य प्रवक्ता राजीव मिश्रा, वीआइपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष गौतम बिंद भी मौजूद थे।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।