Move to Jagran APP

Bihar Assembly Election: सुशील मोदी बोले- बिहार में LJP नहीं NDA का हिस्सा, न करें PM की तस्वीर का इस्तेमाल

बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लोजपा बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा नहीं है। इस मुद्दे पर कहीं कोई भ्रम नहीं है। सुशील मोदी ने चुनाव प्रचार में जाने के पूर्व मंगलवार को पटना में ये बात कही।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Tue, 13 Oct 2020 08:43 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2020 08:43 PM (IST)
Bihar Assembly Election: सुशील मोदी बोले- बिहार में LJP नहीं NDA का हिस्सा, न करें PM की तस्वीर का इस्तेमाल
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी। जागरण आर्काइव

पटना, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लोजपा बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा नहीं है। इस मुद्दे पर कहीं कोई भ्रम नहीं है। सुशील मोदी ने चुनाव प्रचार में जाने के पूर्व मंगलवार को पटना हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में लोजपा को चेतावनी दी।

loksabha election banner

दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में भी लोजपा अलग चुनाव लड़ी थी। लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे या गैर-राजग दलों के प्रत्याशी अगर प्रधानमंत्री के नाम और तस्वीर का उपयोग करते हैं तो उनके खिलाफ  कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिहार में भाजपा-जदयू का गठबंधन पिछले 22 वर्षों से अटूट है।

नौ नेताओं को पार्टी से निकाले जाने को सराहा

सुशील कुमार मोदी ने भाजपा से बागी होकर लोजपा के टिकट या निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे नौ नेताओं के खिलाफ पार्टी की ओर से की गई कार्रवाई को जायज ठहराया। कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन किया है, उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। जिन्हें पार्टी से निकाला गया है, वे विरोध करेंगे, मगर उसका कोई असर पड़ने वाला नहीं है।

राज्यों में अलग-अलग गठबंधन हो सकता है

सुशील मोदी ने कहा कि राज्यों में अलग-अलग गठबंधन हो सकता है। बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन के साथ हिंदुस्थानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी हैं। भाजपा या गठबंधन के अन्य दलों के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे पार्टी नेताओं को निकालने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा था। भाजपा नेतृत्व की ओर से ऐसे लोगों को पहले ही चेता दिया गया था।

इसबार तीन चरणों में चुनाव

कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.