Bihar Election Dates: नीतीश ने दिया नारा-'युवा शक्ति बिहार की प्रगति' बोले-जनता फिर करेगी भरोसा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया का जनता इंतजार कर रही है। इस बीच जेडीयू दफ्तर में कुछ ही देर में सीएम नीतीश मीडिया का संबोधित करने जा रहे हैं। नीतीश बिहार विधानसभा चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव का शुक्रवार को ऐलान हो गया है। कोरोना काल का पहला चुनाव तीन चरणों में होगा। पहला चरण का चुनाव 28 अक्टूबर, दूसरे चरण का तीन नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव सात नवंबर को कराया जाएगा। करीब डेढ़ महीने बाद राज्य की जनता सरकार चुन लेगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत है। जेडीयू दफ्तर में मीडिया को संबोधित करते हुए नीतीश ने जनता को मालिक बताया। उन्होंने कहा कि हमने सारे वादे पूरे किए हैं, जनता फिर भरोसा करेगी।
उन्होंने कहा कि अब यह जनता को तय करना है कि वह किन लोगों को मौका देगी। पर जनता को मुझ पर भरोसा रहा है। आगे भरोसा करेगी तो वह सात निश्चय-2 पर काम करेंगे। देर शाम जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
युवा शक्ति बिहार की प्रगति
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निश्चय के तहत वृहत स्तर युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराएंगे ताकि उन्हें काम मिल जाए। मेगा स्किल सेंटर शुरू होगा। हर प्रमंडल में टूल रूम की स्थापना करेंगे। उद्यमिता के लिए अलग से विभाग बनेगा। अगर कोई युवा उद्यमिता के लिए काम करेगा तो उसे पचास प्रतिशत की सहायता करेंगे।
सशक्त महिला सक्षम महिला निश्चय
इस निश्चय के तहत महिला उद्यमियों को दस लाख रुपए की सहायता मिलेगी। यह सभी वर्ग के लिए होगा। इसमें पांच लाख रुपए की राशि ग्रांट के रूप में होगी। कोई भी लड़की इंटर पास करेगी तो पच्चीस हजार और ग्रेजुएट होने पर पचास हजार रुपए दिए जाएंगे। सरकारी दफ्तरों में महिलाओं के आरक्षण को सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वच्छ गांव समृद्ध गांव निश्चय
इस निश्चय के तहत सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था होगी। पशु एवं मत्स्य संसाधन का विकास करेंगे।
शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिली इमारत
शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिली इमारत बनायी जाएगी। शहरों में आबादी के घनत्व के हिसाब से बाईपास व फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। तरल व अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था होगी। हर घाट पर विद्युत शवदाह गृह व मोक्षधाम बनेगा।
सबसे लिए स्वास्थ्य निश्चय
इस निश्चय के तहत मनुष्य व पशुओं सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था बेहतर की जाएगी। एक फोन पर सेवाएं मिल सकेंगी।
सुलभ संपर्क निश्चय
इसके तहत कई गांवों को जोड़कर सर्वे कर उसे मुख्य सड़क की संपर्कता दी जाएगी।