कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 30 स्टार प्रचारकों की सूची, जानें कौन कौन हैं शामिल
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम शामिल है।
गुवाहाटी, एजेंसियां। कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम शामिल है। इसके अलावा प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट, नवजोत सिंह सिद्धू भी असम के लिए कांग्रेस स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। इनमें गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा का नाम लिस्ट में नहीं है।
असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग को भेजी गई अपने स्टार प्रचारकों की सूची में मुकुल संगमा, मुकुल वासनिक, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद, सचिन पायलट के भी नाम शामिल हैं। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की इस सूची में 30 नेताओं के नाम शामिल हैं। बड़ा सवाल यही कि क्या कांग्रेस में जी-23 के नेताओं गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा के लिए जगह नहीं है?
मालूम हो कि 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए तीन चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। 27 मार्च को 47 सीटों पर होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए 269 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण के लिए कुल 269 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया जिसमें से 10 उम्मीदवारों के नामंकन हो गए जबकि 16 ने अपने नाम वापस ले लिए। पहले चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में माजुली से मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी जोरहट से, असम गण परिषद के मंत्री अतुल बोरा बोकाखाट से और केशव महंत कालियाबोर से हैं।