Move to Jagran APP

प्रधानमंत्री मोदी बोले- बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने असम को देश से किया था अलग-थलग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम के करीमगंज में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दशकों पहले यह पूरा क्षेत्र बेहतर कनेक्टिविटी वाले हिस्सों में से एक था लेकिन बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने असम को सबसे अधिक डिस्कनेक्टेड राज्यों में शामिल कर दिया।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Thu, 18 Mar 2021 04:26 PM (IST)Updated: Fri, 19 Mar 2021 01:21 AM (IST)
प्रधानमंत्री मोदी बोले- बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने असम को देश से किया था अलग-थलग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम के करीमगंज में एक जनसभा को संबोधित किया।

करीमगंज, एजेंसियां। असम में विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद पहली रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। मोदी ने कहा कि भ्रष्ट और वोट बैंक आधारित प्रशासन ने असम को भारत का सबसे कटा हुआ राज्य बना दिया था। कांग्रेस सरकारों और उनकी नीतियों ने असम को सामाजिक, सांस्कृतिक, भौगोलिक और राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाया है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'एक तरफ भाजपा है जिसके पास नीति, नेतृत्व और नेक इरादे हैं। जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस के पास न तो एक नेता है, न ही नीति है और न ही विचारधारा।'  

loksabha election banner

कांग्रेस की नीतियों ने असम को नुकसान पहुंचाया 

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा‍ कि कांग्रेस सरकारों और उनकी नीतियों ने असम को सामाजिक, सांस्कृतिक, भौगोलिक और राजनीतिक हर तरह से नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस की सरकारें बराक वैली के लिए डिविजनल कमिश्नर गुवाहाटी से चलाती रहीं, ये कितना बड़ा अन्याय था। हमारी सरकार ने इस अन्याय को दूर किया। आज असम में विकास की लहर है, विश्वास की लहर है। आज असम में शांति का विश्वास है, समृद्धि का विश्वास है। आज असम में एक ही मुद्दा है- विकास, तेज विकास, निरंतर विकास, सबका विकास। 

कांग्रेस ने असम को बांटकर रखा

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने असम को हर प्रकार से बांटकर रखा लेकिन भाजपा ने असम को हर प्रकार से जोड़ने का प्रयास किया है। बराक-ब्रह्मपुत्र, पहाड़-भैयाम... हमारी सरकार हर क्षेत्र का एक समान विकास कर रही है। भाजपा का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है। असम के चाय बगानों में काम करने वाले लोगों के विकास के लिए असम की सरकार विशेष प्रयास कर रही है। असम में हमारी सरकार ने लाखों भूमिहीन लोगों को पट्टे दिए हैं, बच्चों की पढ़ाई के लिए नए स्कूल खोले हैं और ये काम लगातार चल रहा है। 

सत्‍ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है कांग्रेस 

प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि आज एक तरफ भाजपा की नीति है, भाजपा का नेतृत्व है और भाजपा की नेक नीयत है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस है- जिसके पास ना तो नेता है, ना ही नीति है और ना ही विचारधारा है। आज कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है कि किसी भी हद तक जा सकती है, किसी के साथ भी हाथ मिला सकती है। ये विचित्र स्थिति आज पूरा देश देख रहा है। पश्चिम बंगाल में जिन वामपंथियों के साथ वो (कांग्रेस) लाल-सलाम कर रहे हैं, उन्हीं के साथ केरल में नूरा-कुश्ती चल रही है। 

जिस पार्टी की सोच स्थिर न हो, वो स्थिर सरकार क्‍या देगी

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वह (कांग्रेस) एक राज्य में जिसे गाली देते हैं, दूसरे राज्य में उसे गले लगाते हैं। जिस पार्टी (कांग्रेस) की सोच ही स्थिर न हो, वो क्या असम में स्थिर सरकार दे पाएगी? असम में देखिए, कांग्रेस किसके भरोसे मैदान में है? जिन लोगों की राजनीति से यहां के कांग्रेस कार्यकर्ता दशकों से लड़ रहे हैं, जूझ़ रहे हैं, आज कांग्रेस का हाथ उसी ताला-चाबी को लेकर घूम रहा है। इस बार का आपका वोट, असम के लोकल टेलेंट को, लोकल आर्ट को, लोकल सामान के प्रति वोकल होने के लिए है।

कांग्रेस के नेता बना रहे झूठ का घोषणापत्र 

पीएम मोदी ने कहा कि यहां असम में भी धोखे और भ्रम का एक वीडियो मैंने देखा है। आपने भी जरूर देखा होगा। इस वीडियो में यहां के कांग्रेस के नेता आपस में मंच पर ही, झूठ का घोषणापत्र बना रहे हैं। घोषणापत्र बनाने में बहुत मेहनत लगती है। भाजपा की सरकार के लिए हमेशा देशहित सर्वोपरि रहा है, देश का विकास सर्वोपरि रहा है। दशकों से नॉर्थ-ईस्ट को जिस तरह विकास में नजरअंदाज किया गया, भाजपा सरकारें, उसे मिलकर सुधार रही हैं। हम नॉर्थ-ईस्ट को देश के विकास का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं।

चाय बगान में काम करने वाले लोगों के लिए किए विशेष इंतजाम 

पीएम मोदी ने कहा कि चाय बगान में काम करने वाली गर्भवती महिलाओं को हजारों रुपए की मदद दी जा रही है, ताकि वो खुद की और बच्चों की सेहत का ख्‍याल रख सकें। हाल में केंद्र सरकार ने आम बजट में चाय बगान में काम करने वाले लोगों के लिए एक हजार करोड़ रुपए का विशेष इंतजाम किया है। बराक वैली में मछली पालन की अनेक संभावनाएं हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार मछली पालन से जुड़े कारोबार को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। इसलिए हमने केंद्र में अलग से मत्स्य मंत्रालय बनाया है। 

आपकी आवाज बनती रही है भाजपा

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो वीर लचित बोरफुकन से लेकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस तक, हर देशवासी, अपने राष्ट्र निर्माताओं को नमन कर रहा है। यह सुखद संयोग ही है कि आज असम में अपनी चुनावी सभाओं का आरंभ में बराक वैली से कर रहा हूं। तीन दशक पहले जब देश में भाजपा का उतना विस्तार नहीं हुआ था, तब भी बराक वैली ने 15 में से 9 सीटें भाजपा को दी थीं। इन वर्षों में भाजपा आपके बीच रहकर आपकी आवाज बनती रही है।

असम को आयात-निर्यात का हब बनाएंगे 

पीएम मोदी ने कहा कि असम के पुराने गौरव को लौटाने के लिए पारंपरिक ट्रेड रूट को फिर से मजबूत करने का प्रयास हो रहा है। जलमार्गों को बड़े कॉर्गो परिवहन के लिए भी तैयार किया जा रहा है। सिलचर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ये क्षेत्र आयात-निर्यात का हब बन सके। असम को मेघालय से जोड़ने के लिए इससे भी बड़े धुबरी-फूलबारी ब्रिज का निर्माण कौन करवा रहा है? भाजपा की सरकार पूरा करा रही है। देश का सबसे लंबा नदी रोपवे असम को किसने दिया? भाजपा की सरकार ने पूरा किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.