Assembly Election 2018 Result: किसी को जीत मिली, किसी को हार, ये होंगे CM पद के दावेदार
तीन राज्यों में सरकार बनाने के करीब पहुंची कांग्रेस के लिए ऐसा सिरदर्द सामने है, जिसके बारे में कहा जाता है कि ये सिरदर्द अच्छा है।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रुझानों से स्पष्ट हो गया है कि तेलंगाना को छोड़कर लगभग सभी जगह सरकार बदल रही है। हालांकि अब भी मध्यप्रदेश की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अब सवाल भावी मुख्यमंत्रियों को लेकर उठने लगे हैं। हर कोई यह जानना चाहता है कि इन राज्यों में मुख्यमंत्री कौन बनेगा। तीन राज्यों में सरकार बनाने के करीब पहुंची कांग्रेस के लिए ऐसा सिरदर्द सामने है, जिसके बारे में कहा जाता है कि ये सिरदर्द अच्छा है।
तेलंगाना में तो स्पष्ट है कि शानदार जीत दर्ज करने वाली तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ही मुख्यमंत्री होंगे। मध्य प्रदेश को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, हालांकि यह स्पष्ट है कि अगर भाजपा सरकार में आती है तो एक बार फिर शिवराज सिंह को राज्य की बागडोर मिल सकती है। अगर स्थितियां पलटती हैं और कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में होती है तो राज्य में तीन-तीन बड़े नाम हैं, जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के तीन दावेदार
मध्य प्रदेश कांग्रेस में चुनाव के पहले से ही वचर्स्व की लड़ाई देखी गई है। अगर कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से जीत जाती है तो कांग्रेस के पास कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के रूप में तीन बड़े नाम हैं। दिग्विजय सिंह के पास राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का अनुभव है तो कमलनाथ के रूप में एक काफी अनुभवी नेता भी इस पद की दावेदारी के लिए तैयार है। तीसरी तरफ कांग्रेस के पास ज्योतिरादित्य सिंधिया के रूप में एक युवा चेहरा है, जिसे जनता से काफी प्यार भी मिलता रहा है। यही नहीं वह केंद्र में भी मंत्री रह चुके हैं।
म्हारो राजस्थान में भी तीन चेहरे
रुझानों से स्पष्ट हो चुका है कि राजस्थान से वसुंधरा राजे सरकार की विदाई तय है और कांग्रेस की एक बार फिर सत्ता में वापसी होगी। राजस्थान में भी कांग्रेस के पास पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रूप में अनुभवी उम्मीदवार हैं। दूसरी तरफ पूर्व में केंद्र में मंत्री रह चुके सीपी जोशी भी इस पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा मध्यप्रदेश की ही तरह राजस्थान में भी कांग्रेस के पास युवा चेहरे के रूप में सचिन पायलट हैं। सचिन पायलट को राजस्थान के लोगों का प्यार भी मिलता रहा है।
छत्तीसगढ़ में किसके सिर सजेगा ताज
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने पिछले 15 साल से सत्ता में काबिज भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया है। लेकिन यहां भी कांग्रेस के लिए सिरदर्द मुख्यमंत्री पद के दावेदार का है। कांग्रेस के दो नेता भूपेंद्र बघेल और टीएस सिंह देव की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।