मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस चिंता में पूरे बिहार को शामिल दिखना चाहिए कि कुछ लोग रामनवमी पर सूबे के सामाजिक सद्भाव को चोट पहुंचाने की साजिश कर सकते हैं। उन्होंने स्वाभाविक रूप से राज्यवासियों को इसके प्रति सचेत रहने को कहा। चूंकि यह इनपुट मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए बेशक खुफिया और सुरक्षा

एजेंसियां ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर नजर रख रही होंगी यद्यपि यह खतरा टालने में आम आदमी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री का संकेत इसलिए और गंभीर माना चाहिए, क्योंकि हाल ही में प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामाजिक सद्भाव पर चोट करने वाली दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो चुकी हैं। बिहार के सामाजिक सद्भाव को नजीर माना जाता है यद्यपि पिछले कुछ समय से सूबे में चिंताजनक घटनाएं हो रही हैं।

शासन की जिम्मेदारी है कि बिहार की गंगा- जमुनी संस्कृति को आहत करने की साजिश कर रहे तत्वों के साथ सख्ती से पेश आए। इसमें जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा की परवाह नहीं की जानी चाहिए। सूबे के सामाजिक सद्भाव की हिफाजत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। इस मामले में सभी राजनीतिक दलों को खासतौर पर संयम का परिचय देना होगा अन्यथा तिल का ताड़ बनने में देर नहीं लगती। राजनीतिक दल यदि अपने फायदे के लिए साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण को हवा देंगे तो सूबे का अमन-चैन बचाना कठिन हो जाएगा। यह बात सबको समझनी चाहिए कि लंबे समय से विकास में पिछड़े चल रहे बिहार की गाड़ी अब पटरी पर आ रही है। इसके लिए यह पहली शर्त है कि सूबे का सामाजिक माहौल और कानून व्यवस्था दुरुस्त रहे। अशांत भूभाग में कोई विकास नहीं हो सकता। राजनीतिक दलों के अलावा सभी सामाजिक वर्गों को भी इस बारे में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। यदि सामाजिक समूह तय कर लें तो कोई ताकत उन्हें लड़ा नहीं सकती। अराजक तत्व अपने लाभ के लिए समाज में दरार डालते हैं और आम आदमी अक्सर इस जाल में फंस जाता है। मुख्यमंत्री का इशारा इसी ओर है ताकि आम लोग शरारती तत्वों की साजिश के प्रति सजग रहें। बिहार को यह साबित करना चाहिए कि हमेशा की तरह इस बार भी राष्ट्रविरोधी तत्वों की दाल यहां नहीं गलेगी। खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह कड़ी परीक्षा का समय है। इससे पहले कि शरारती तत्व सूबे के अमन- चैन पर चोट पहुंचाएं, इनके मंसूबे सख्ती के साथ कुचल दिए जाने चाहिए। आम लोगों को भी ऐसे तत्वों के प्रति सचेत रहना चाहिए।

[ स्थानीय संपादकीय: बिहार ]