पुलिस विभाग के आलाधिकारियों को देखना होगा कि बार-बार पुलिस निशाना क्यों बन रही है। प्रदेश की पुलिस कमजोर है, ऐसा कतई आभास नहीं होना चाहिए।
------------
पंजाब में अपराधियों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। पुलिस हिरासत से आरोपियों को छुड़ाने से लेकर पुलिस कर्मचारियों की पिटाई तक का दुस्साहस वे दिखा रहे हैं। यह पुलिस विभाग के लिए कतई ठीक नहीं है। पुलिस का काम प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने का है। ऐसा तभी हो सकता है जब असामाजिक तत्वों के मन में पुलिस का खौफ हो लेकिन यदि पुलिस ही असहाय बन जाएगी तो जाहिर सी बात है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कत पेश आएगी। प्रदेश में नशा तस्करी के लिए बदनाम मोगा जिले के गांव दौलेवाला में भगोड़े को पकडऩे गई पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। हमला करने वालों ने अपने साथी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और पुलिस जवानों की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने गोली चलाकर हालात को नियंत्रण किया लेकिन मारपीट में एक जवान घायल हो गया। इसके अलावा पटियाला में सीआइए थाने के बाहर लूट मामले के आरोपी और उसके परिवार वालों ने एक हवलदार की पिटाई कर डाली। लुधियाना में लोहा व्यापारी से दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर स्विफ्ट कार लूट ली। दो दिन पहले अमृतसर के रइया में पेशी पर ले जाए जा रहे कैदी को उसके साथियों ने हथियारों के बल पर पीआरटीसी के बस में पुलिस की कस्टडी से छुड़ा लिया। ये घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि खाकी वर्दी का खौफ अपराधियों के मन में कम होता जा रहा है। इसके लिए कुछ हद तक पुलिस खुद भी जिम्मेदार है। पुलिस विभाग के ही कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों पर कई बार अपराधियों से मिलीभगत के आरोप लगते रहे हैं। नशा तस्करों से निपटने के लिए बनाई गई एसटीएफ द्वारा हाल ही में नशा तस्करों से संबंध रखने और मिलीभगत के आरोप में कुछ पुलिसकर्मी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कई बार पुलिसकर्मी ही विभाग की सूचनाओं को लीक कर देते हैं जिसका नतीजा यह होता है कि अपराधी पुलिस का छापा पडऩे से पहले ही सतर्क हो जाते हैं और उनको तैयारियां करने का मौका मिल जाता है। पुलिस विभाग के आलाधिकारियों को देखना होगा कि बार-बार पुलिस निशाना क्यों बन रही है। प्रदेश की पुलिस कमजोर है, ऐसा कतई आभास नहीं होना चाहिए। प्रदेश सरकार को भी इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए पुलिस विभाग में जो भी कमियां हैं उसे दूर करके जरूरी कदम तत्काल उठाना होगा।

[ स्थानीय संपादकीय:  पंजाब ]