[ डॉ. एके वर्मा ]: अंतत: कांग्रेस में नवचेतना के अंकुर फूट ही गए। सात अगस्त को कांग्रेस के 23 प्रमुख नेताओं ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर मृतप्राय कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए संगठन, उसकी कार्यप्रणाली और नेतृत्व में आमूलचूल परिवर्तन की मांग की। 24 अगस्त को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के पूर्व किसी ने यह पत्र ‘लीक’ कर दिया। इसमें भाजपा के अभ्युदय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर युवाओं के आकर्षण, कांग्रेस के जनाधार में कमी और नौजवानों के कांग्रेस से दूर होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई थी।

पत्र के सुझावों से कांग्रेस अपना खोया हुआ वैभव फिर से प्राप्त कर सकती है

पत्र में अनेक सुझाव दिए गए थे, जिससे पार्टी अपना खोया हुआ वैभव पुन: प्राप्त कर सके। वास्तव में कांग्रेस में यह अप्रत्याशित था। सोनिया और राहुल को ‘गांधी-ब्रांड’ पर इतना गुमान था कि वे कल्पना नहीं कर सकते थे कि गुलाम नबी आजाद, वीरप्पा मोइली, कपिल सिब्बल, मुकुल वासनिक, मनीष तिवारी, शशि थरूर जैसे वरिष्ठ पार्टी नेता ऐसा कदम उठाएंगे। उनके गुमान का कारण भी वही लोग हैं, जिन्होंने पत्र तो लिखा, लेकिन इसके पहले कभी नेतृत्व को आईना दिखाने की जरूरत नहीं समझी और सोनिया गांधी को 19 वर्षों तक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए रखा तथा उनके बाद राहुल को नेतृत्व सौंप दिया। वे राहुल की अयोग्यता को बर्दाश्त करते रहे और नेहरू-गांधी वंश का कांग्रेस नेतृत्व पर एकाधिकार मानने की भूल करते रहे।

कांग्रेस को संगठन, विचारधारा और नेतृत्व में आमूलचूल परिवर्तन करना चाहिए

अक्सर सुझाव दिए जाते रहे हैं कि कांग्रेस को संगठन, विचारधारा और नेतृत्व में आमूलचूल परिवर्तन करना चाहिए और नेहरू-गांधी के रुपहले-मिथक से बाहर निकलकर जमीनी राजनीति करनी चाहिए। कांग्रेस का अर्थ सोनिया और राहुल गांधी नहीं हैं। इसका अर्थ देश भर में फैले हजारों कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता हैं। एक कहावत है, जब जागे, तभी सवेरा। ऐसे ही यह नवजागृति कांग्रेस के लिए एक नवचेतना और नई आशा का संदेश है।

संगठित, सशक्त और सामूहिक विरोध 1948 के बाद पहली बार दिखाई दिया 

कांग्रेस में इक्का-दुक्का विरोध और पार्टी छोड़ना तो हमेशा ही चलता रहा है, लेकिन ऐसा संगठित, सशक्त और सामूहिक विरोध तो 1948 के बाद पहली बार दिखाई दिया है। उस समय कांग्रेस सोशलिस्ट सेंटर के नेता आचार्य कृपलानी, जयप्रकाश नारायण, राममनोहर लोहिया, अशोक मेहता, मीनू मसानी आदि ने कांग्रेस द्वारा समाजवादी नीतियां न अपनाने के विरोध में पार्टी छोड़ी थी। वर्ष 1969 में कांग्र्रेस का जो विभाजन हुआ, वह इंदिरा गांधी के विरुद्ध कांग्रेस-सिंडीकेट मोरारजी देसाई, के. कामराज, निजलिंगप्पा, सीबी गुप्ता, नीलम संजीव रेड्डी आदि नेताओं के लामबंद होने से हुआ।

आजाद और सिब्बल की पहल कांग्रेस में नए विभाजन का संकेत तो नहीं 

आजाद और सिब्बल की मौजूदा पहल कांग्रेस में किसी नए विभाजन का संकेत तो नहीं? देखा जाए तो कांग्रेस नेताओं के पत्र में कोई आपत्तिजनक बात नहीं है। उसमें पार्टी के हित की ही बात कही गई है, लेकिन सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी को वह इसलिए चुभी, क्योंकि उसमें दो ऐसी मांगें हैं जो कांग्रेस-संस्कृति पर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं। एक मांग कांग्रेस आलाकमान संस्कृति को खत्म कर पार्टी में संस्थागत नेतृत्व प्रक्रिया स्थापित करने से संबंधित है, जो कांग्रेस में नेहरू-गांधी वंश का एकाधिकार समाप्त करती।

कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र की स्थापना की मांग

दूसरी मांग राष्ट्रीय से स्थानीय स्तर तक दल में आंतरिक लोकतंत्र की स्थापना से संबंधित है, जिसे समाप्त करने की शुरुआत इंदिरा गांधी ने 1969 में ही कर दी थी। इसके परिणामस्वरूप जून 1975 में जब उन्होंने देश में आपातकाल थोपा, तब कांग्रेसी नेताओं-हेमवती नंदन बहुगुणा, जगजीवन राम और युवा तुर्क नेता चंद्रशेखर, कृष्णकांत, मोहन धारिया आदि ने नेतृत्व का विरोध करने के बजाय उससे किनारा कर लिया। आज पार्टी के हित में नेतृत्व के खिलाफ बिगुल बजाने वाले कांग्रेसियों ने हिम्मत का काम किया है। यह काम उन्हें बहुत पहले करना चाहिए था। जनता तो समझने लगी थी कि कांग्रेस में ऐसी प्रजाति विलुप्त हो चुकी है।

1885 के स्थापना-अधिवेशन के दिशा-निर्देशों को मानकर कांग्रेस राजनीति में वापसी कर सकती है

वर्ष 2005 में कांग्रेस ने युवा नेताओं को प्रशिक्षित करने के लिए चित्रकूट और गोरखपुर में मुझे प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया था। उसमें राहुल के अलावा कई मंत्री, सांसद, विधायक और सैकड़ों युवा कांग्रेसी शामिल हुए थे। आश्चर्य नहीं कि पार्टी ने उस दौरान दिए गए मेरे किसी भी सुझाव पर अमल नहीं किया, लेकिन सूत्र रूप में आज भी यही कहना चाहूंगा कि यदि कांग्रेस राजनीति में वापसी चाहती है तो उसे 1885 के स्थापना-अधिवेशन में कांग्रेसजनों और नेताओं के लिए तय किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित करने वाले नेता यदि नसीहत देते हैं तो उन्हें स्वीकार करना चाहिए

कांग्रेस को यदि कोई बाहरी सीख देता तो नेतृत्व को बुरा लग सकता था, पर जिन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित कर दिया, यदि वे नसीहत दे रहे हैं तो उसे सकारात्मक ढंग से लेने की जरूरत है। जिस प्रकार पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट आदि को दरकिनार किया गया और अब पत्र भेजने वाले नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, वह कांग्रेस के लिए कोई शुभ संकेत नहीं है।

कांग्रेस के अंदर नई-कांग्रेस के अंकुर फूट चुके हैं

कांग्रेस नेतृत्व कुछ भी करे, पर यह साफ है कि कांग्रेस के अंदर नई-कांग्रेस के अंकुर फूट चुके हैं, जिसमें सोनिया और राहुल के नेतृत्व के लिए सीमित स्थान है। चूंकि सोनिया कुछ माह के लिए अंतरिम अध्यक्ष हैं और राहुल नेतृत्व से पहले ही पलायन कर चुके हैं, इसलिए नेहरू-गांधी वंश से इतर किसी अन्य को नेतृत्व देने का रास्ता साफ हो सकता है। कुछ कांग्रेसी प्रियंका को नेतृत्व देना चाहते हों, पर यह कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोकने जैसा होगा। प्रियंका चुनावी दौर में अतिथि भूमिका में आती हैं। वह इसी में ठीक रहेंगी। भारतीय लोकतंत्र के लिए देश को भाजपा के अलावा एक राष्ट्रीय दल और चाहिए और यहीं कांग्रेस पर नजर टिकती है।

73 वर्षों में कांग्रेस न केवल कमजोर हुई, बल्कि कई विसंगितयां भी घर कर गई

गत 73 वर्षों में कांग्रेस न केवल कमजोर हुई है, बल्कि उसमें कई विसंगितयां भी घर कर गई हैं। यही डर गांधी जी को था। तभी उन्होंने सुझाव दिया था कि कांग्रेस को भंग कर उसकी जगह लोकसेवक संघ बनाया जाए, जिससे लोकतांत्रिक स्पर्धा के लिए नई-नई पार्टियों को बराबर की जमीन मिले और कांग्रेस को कोई शुरुआती लाभ न मिल सके। इसी लाभ ने कांग्रेस को क्षति पहुंचाई, क्योंकि उसे भ्रम हो गया कि वह अपराजेय है, जिससे उसका संगठनात्मक, वैचारिक और नेतृत्वमूलक क्षरण होता गया। कांग्रेसियों को पार्टी और लोकतंत्र के हित में कांग्रेस में नवचेतना के अंकुरण के इस ऐतिहासिक क्षण को गंवाना नहीं चाहिए।

( लेखक वरिष्ठ स्तंभकार एवं सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोसायटी एंड पॉलिटिक्स के निदेशक हैं )