दिल्ली मेरे दिल में बसी है
संगीत की दुनिया में ए.आर. रहमान को अपना आदर्श मानने वाली नीति से दिल्ली के बारे में कुछ बातें।
जिया रे गर्ल नीति मोहन आजकल रीअलिटी शो 'वॉयस इंडिया किड्स' में जज की भूमिका निभा रही हैं। खुल कर बोलने वाली नीति मूल रूप से दिल्ली की हैं, इसलिए दिल्ली उनके दिल के बेहद करीब है। हालांकि वह मुंबई में रच-बस गई हैं। संगीत की दुनिया में ए.आर. रहमान को अपना आदर्श मानने वाली नीति से दिल्ली के बारे में कुछ बातें।
नीति अब तो आप मुंबई में बस गई हैं। दिल्ली आने पर कैसा लगता है?
मेरी पहचान दिल्ली की वजह से है। जिस शहर में हम पले-बढ़े होते हैं, वहां की बोली, खानपान सब हमारे भीतर शामिल होता है। कहीं भी रहूं, दिल से दिल्ली वाली ही रहूंगी। दिल्ली की लड़कियां हाजि़रजवाब होती हैं। मैं भी ऐसी ही हूं। सच कहूं तो यही मेरी आइडेंटिटी है और इस पर मुझे गर्व है।
मिरांडा हाउस की कुछ यादें....
मेरी मौसी कमला नगर में रहती थीं। मैं वहां से खूब शॉपिंग करती थी। अब तो इतने सारे मॉल्स खुल गए हैं, लेकिन वो स्ट्रीट शॉपिंग मुझे याद आती है। चाचा के छोले-भटूरे और मिरांडा के बाहर वाली भेलपूरी मिस करती हूं। ऐसी भेलपूरी मुझे कभी मुंबई में नहीं मिली।
पुराने दोस्तों से कभी मुलाकात होती है?
कॉलेज के ज़माने में कुछ फ्रेंड्स थीं। कुछ शादी करके यूएस में सेटल हैं। कुछ दिल्ली में हैं। फेसबुक पर सबसे हाय-हेलो हो जाता है।
परिवार के साथ कुछ यादगार पल...?
सैडरडे ईवनिंग को अकसर पापा हमें ड्राइव करके इंडिया गेट ले जाते थे। छोटी सी फैमिली पिकनिक होती थी। बंगाली मार्केट में रुक कर डोसा, चाउमिन, फ्राइड राइस खाना और फिर दोबारा इंडिया गेट जाकर पांच रुपये वाली ऑरेंज बार खाना मुझे याद है। अपने डॉगी के लिए अलग से कप लेते थे।
दिल्ली-मुंबई के कल्चर में क्या फर्क लगा?
बहुत फर्क है। दिल्ली में लोगों के पास जीवन को एंजॉय करने का समय है। मुंबई में जगह कम है, लोग ज़्यादा हैं। वहां काम करने का जुनून बहुत है। महंगा शहर है तो सर्वाइव करने के लिए ज़्यादा काम करना पड़ता है। वहां घर दिल्ली से छोटे और महंगे हैं। बिना बैलकनी के जीने की आदत डालनी पड़ी, गाड़ी घर के अहाते में नहीं रख सकते, होली में छत पर जाकर गुब्बारे नहीं मार सकते..। वहां हर घर के बाहर एक ग्रिल होती है, कई बार जेल वाली फीलिंग आती है लेकिन यह बेहद प्रोफेशनल शहर है। लोग काम को टालते नहीं, जो मुझे अच्छा लगता है। मेरा दिल दिल्ली में है और दिमाग मुंबई में।
अपने कौन से गाने पसंद हैं?
लगभग सभी... लेकिन 'जिया रे' और 'इश्क वाला लव..' बहुत पसंद हैं। ये मेरे फस्र्ट बेबी की तरह हैं।
सिंगर्स में कौन ज़्यादा पसंद है?
मैं ए.आर. रहमान की बड़ी फैन हूं। पुराने सिंगर्स, खासतौर पर लता जी और आशा जी को बहुत सुनती हूं...। मेरी चाह है कि कभी उनके जैसे गाने गा सकूं।
इंदिरा राठौर
फोटो : संजीव कुमार