नए साल के जश्न में खलल नहीं डालेगा मौसम
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : नववर्ष की पूर्वसंध्या पर रविवार को मौसम मिश्रित ही रहेगा। खास बात यह कि नए
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : नववर्ष की पूर्वसंध्या पर रविवार को मौसम मिश्रित ही रहेगा। खास बात यह कि नए साल के जश्न में मौसम बिल्कुल भी खलल नहीं डालेगा। न तो अधिक कोहरा होगा और न ही अधिक सर्दी। सोमवार को नववर्ष की पहली सुबह पर मौसम के सामान्य रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह के समय हल्का कोहरा होगा जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। हवा की दिशा पूर्वी होने के कारण हवा की गति कम रहेगी। ऐसे में कंपकंपाहट नहीं रहेगी। अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। रात के समय भी कोहरा सामान्य ही रहेगा। उधर शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 49 फीसद रहा।
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ ऊपरी हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। जबकि पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है इसीलिए पूर्वी हवा चल रही है और वातावरण में नमी की मात्रा भी बढ़ी हुई है। इससे ठंड तो ज्यादा नहीं होगी, अलबत्ता प्रदूषण का स्तर अवश्य बढ़ सकता है।