उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : उमस भरी गर्मी भले पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासियों के लिए परेशानी का
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : उमस भरी गर्मी भले पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, लेकिन पिछले चार सालों में जून के शुरुआती दिनों में इतना कम तापमान दिल्ली में दर्ज नहीं हुआ है। पिछले तीन दिनों से तापमान 40 डिग्री के नीचे बना हुआ है, जबकि जून का औसत तापमान 41 डिग्री है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य है। पालम में अधिकतम तापमान 41.7 जबकि आया नगर व जफरपुर में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, अन्य जगहों पर यह 40 डिग्री से नीचे ही रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते तापमान 40 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। 7 जून को हल्की बारिश व आधी की वजह से इसमें और कमी आने की संभावना है और यह 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। पिछले चार सालों के दौरान 3 जून को दर्ज हुए अधिकतम तापमान की बात करें तो 2017 में 40, 2016 में 42, 2015 में 40 और 2014 में 40 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग के अनुसार तापमान नहीं बल्कि उमस की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। नमी का स्तर अधिक होने की वजह से लोगों का पसीना सूख नहीं पा रहा है। हवा चलने के बावजूद लोगों को गर्मी परेशान कर रही है। इस समय दिल्ली में नमी का स्तर 41 से 72 फीसद तक बना हुआ है। फिलहाल उमस से राहत मिलने के आसार नहीं है।