बारिश से यमुनापार में हुआ जगह-जगह जलभराव
यमुनापार में रविवार को सुबह हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली:
यमुनापार में रविवार को सुबह हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। इस बीच लोनी गोल चक्कर, ईस्ट गुरु अंगद नगर, भोला नाथ नगर रेलवे पुल के नीचे, मंडावली अंडर पास, आनंद विहार बस अड्डा, सीमापुरी अंडर पास सहित अन्य कई जगहों पर जलभराव हो गया। हालांकि, रविवार का दिन होने के कारण कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी। इससे लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की, क्योंकि अधिकांश दिनों में बारिश होने पर जाम लगना आम बात है। फूल मंडी में भी हुआ जल भराव
गाजीपुर फूल मंडी में रविवार सुबह हुई बारिश से जलभराव हो गया। इससे किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही फूल की बिक्री और खरीदारी भी प्रभावित हुई। फूल आढ़ती कृष्ण कुमार सैनी ने बताया कि सुबह-सुबह ही मंडी में खरीदारी और बिक्री का समय होता है। इसी समय बारिश आने के कारण मंडी में आढ़तियों और किसानों को भी फूल की बिक्री और खरीदारी के लिए इंतजार करना पड़ा। वहीं बारिश के कारण ग्राहक भी कम संख्या में मंडी पहुंचे। इस दौरान खुले में पड़े हुए कई टन गेंदा और गुलाब के फूल भीग भी गए। वहीं सब्जी मंडी इस दौरान बारिश से जलभराव तो नहीं हुआ लेकिन मंडी लगने के समय पर ही बारिश होने से ग्राहकों की संख्या कम रही।