नक्सलियों तक कारतूस पहुंचाने वाला बदमाश गिरफ्तार, एक लाख रुपये था इनाम
आरोपी 43 वर्षीय संजय सिंह भोजपुर का ही रहने वाला है। वह महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के नक्सलियों को कारतूस की आपूर्ति करता था।
नई दिल्ली, जेएनएन। नक्सलियों तक कारतूस पहुंचाने वाले इनामी बदमाश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बिहार के भोजपुर से धर दबोचा। उसके पास से इंसास और एसएलआर राइफल सहित सेल्फ लोडिंग राइफल के अलग-अलग बोर के 22 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी 43 वर्षीय संजय सिंह भोजपुर का ही रहने वाला है। वह महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के नक्सलियों को कारतूस की आपूर्ति करता था। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि इस गिरोह के एक बदमाश बिहार के आरा निवासी राम कृष्ण सिंह को पुलिस ने जुलाई में गिरफ्तार किया था। उसके पास से सशस्त्र सेना और अर्धसैनिक बलों द्वारा प्रयोग किए जाने वाले हथियार के 407 कारतूस बरामद हुए थे।
2015 से कारतूस की तस्करी
राम कृष्ण ने बताया था कि वह वर्ष 2015 से कारतूस की तस्करी करता था। इसी पूछताछ दौरान उसने संजय सिंह के बारे में भी बताया था। इसके बाद से ही पुलिस संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पुलिस को संजय सिंह के अपने गांव में होने की जानकारी मिली। आखिरकार, एसीपी सुभाष वत्स और इंस्पेक्टर अजय कुमार की टीम ने 14 अक्टूबर को उसे दबोच लिया।
अस्पताल में तस्कर से हुआ था संपर्क
संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर अपनी बीमारी के इलाज के लिए आरा स्थित अस्पताल जाता था। इसी दौरान राम कृष्ण सिंह के रिश्तेदार राम बहादुर से जान-पहचान हुई। राम बहादुर अपने जानकारों के माध्यम से सशस्त्र सेना और अर्धसैनिक बलों के प्रयोग में आने वाले कारतूस लेकर नक्सली और अपराधियों तक पहुंचाता है। भारी मुनाफे की बात कहकर राम बहादुर ने उसे भी अपने गिरोह में शामिल कर लिया।
अब राम बहादुर की गिरफ्तारी का प्रयास
पुलिस के अनुसार, संजय सिंह तीन वर्ष से नक्सलियों के लिए कारतूस की तस्करी कर रहा था। अब तक वह हजारों की संख्या में कारतूस की आपूर्ति कर चुका है। नक्सल प्रभावित इलाके में छापेमारी करने गए सशस्त्र बलों से नक्सली इंसास और एसएलआर जैसे हथियार लूट लेते हैं और उसमें प्रयोग होने वाले कारतूस तस्करों से खरीदते हैं। अब राम बहादुर को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी साबित होगी।