विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली का हाल देखिए... फुटपाथ तक घेर रहे वाहन, विकास मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल

Published: Mon, 16 Mar 2026 02:35 AM (IST)

पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर अनियंत्रित पार्किंग से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। लक्ष्मी नगर से कड़कड़ी मोड़ तक ...और पढ़ें

विकास मार्ग पर लक्ष्मी नगर के पास सड़क पर होती पार्किंग। जागरण

 विकास मार्ग पर लक्ष्मी नगर के पास सड़क पर होती पार्किंग। जागरण

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में विकास मार्ग पर अनियंत्रित वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बदहाल हो गई है। तीन लेन की सड़क में से दो लेन पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जा रहे हैं। लक्ष्मी नगर से लेकर कड़कड़ी मोड़ तक यही हाल है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहनों की पार्किंग की समस्या के कारण लोग दिनभर परेशान रहते हैं ,सड़क पर लंबा जाम लगता है।

सड़क पर दुर्घटनाओं की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसमें से कुछ वाहन स्थानीय दुकानदारों के होते हैं, जबकि कई वाहन मार्केट में खरीदारी करने आने वाले लोगों द्वारा खड़े कर दिए जाते हैं। इससे आम वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई होती है। सड़क पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

लक्ष्मी नगर में निगम पार्किंग के बाहर विकास मार्ग पर भी वाहनों को पार्क किया जा रहा है, जिससे सामने बने यू-टर्न पर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए फुटपाथ पर भी वाहनों की पार्किंग की जा रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में रेलवे ट्रैक के किनारे अब नहीं दिखेगा कचरा, एमसीडी करेगी नियमित सफाई

इसके चलते राहगीरों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। कई जगह सड़कों पर आधिकारिक पार्किंग स्थल बने हुए हैं, लेकिन उनकी आड़ में वहां आटो वाहनों का अवैध स्टैंड बन गया है।

इस मामले में ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। सड़क पर यातायात से जुड़ी समस्याओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

विकास मार्ग पर वाहनों की पार्किंग इस इलाके की मुख्य समस्या बन गई है। पूरे दिन सड़क पर जाम लगा रहता है। मुख्य मार्ग के साथ सर्विस रोड पर भी वाहनों की अवैध पार्किंग हो रही है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - कुणाल, प्रीत विहार

सड़क पर अनियंत्रित पार्किंग की स्थिति यह है कि लक्ष्मी नगर से निर्माण विहार तक फुटपाथ पर पैदल यात्रियों के लिए जगह ही नहीं बची है। लोग मुख्य सड़क पर पैदल चलने को मजबूर हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। - भानु जोशी