तीसरी मंजिल से गिरकर दो मासूमों की मौत
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : मंडावली और नंदनगरी इलाके में तीसरी मंजिल से गिरकर दो मासूमों की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : मंडावली और नंदनगरी इलाके में तीसरी मंजिल से गिरकर दो मासूमों की मौत हो गई। मंडावली इलाके में शुक्रवार दोपहर तीसरी मंजिल की बालकनी से गिरने से दो साल के लक्ष्य की मौत हो गई। वहीं गुरुवार को नंदनगरी में तीसरी मंजिल की छत से दो साल का ऋतिक गिर गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दोनों थानों की पुलिस मामले की जांच कर रहीं हैं।
मंडावली में लक्ष्य का परिवार गली नंबर-सात, स्कूल ब्लॉक में रहता है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मां विमलेश रसोई में खाना पका रहीं थीं। लक्ष्य कमरे में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बालकनी में आ गया और यहां ग्रिल के बीच से नीचे झांकने लगा। इसी दौरान वह गली में गिर गया। मां शोर सुनकर बालकनी में पहुंची तो कई लोग जमा थे। विमलेश का कहना है कि उन्होंने लोगों से बच्चे को उठाने की अपील की, लेकिन किसी ने हाथ नहीं बढ़ाया। वह नीचे उतरकर बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं मूल रूप से रायबरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी ऋतिक का परिवार लगभग दो माह पहले दिल्ली घूमने आया है। यहां उसकी मौसी के घर में सभी लोग ठहरे हुए थे। गुरुवार दोपहर मां मनीता घर में खाना बना रहीं थीं और ऋतिक अपने दो भाइयों के साथ छत पर खेल रहा था। इसी बीच वह अचानक नीचे गिर गया। पित संजय और अन्य परिजन उसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई।