विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के संगम विहार में आवारा कुत्ते का आतंक, घर के बाहर खेल रहे मासूम को बुरी तरह नोचा; ICU में भर्ती

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:02 PM (IST)

उत्तरी दिल्ली के संगम विहार में एक आवारा कुत्ते ने 18 महीने के बच्चे अब्बास पर हमला कर उसके चेहरे ...और पढ़ें

मासूम पर आवारा कुत्ते का हमला। (वीडियो ग्रैब)

मासूम पर आवारा कुत्ते का हमला। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. उत्तरी दिल्ली के संगम विहार में बच्चे पर आवारा कुत्ते का हमला।

  2. 18 माह के अब्बास के चेहरे और शरीर पर गंभीर घाव।

  3. सीसीटीवी फुटेज से लोगों में रोष, हमलावर कुत्ता अभी भी फरार।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के संगम विहार इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। घर के बाहर खेल रहे 18 माह के अब्बास पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया।

कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

डॉक्टरों ने दी प्लास्टिक सर्जरी की सलाह

डाक्टरों ने चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में रोष है। फुटेज में कुत्ता बच्चे को गिराकर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग और स्वजन मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक, संगम विहार की गली नंबर-5 में घटना के बाद नगर निगम की टीम ने इलाके में कार्रवाई करते हुए कुछ आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा।

हालांकि, जिस कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया था, उसके अब तक पकड़े नहीं जाने से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कार्रवाई घटना के बाद हुई, जबकि इलाके में पहले से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई थी।

स्थानीय स्तर पर प्रभावी निगरानी नहीं

बच्चे के पिता इसराज खान जो पेशे से आटो चालक हैं उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों से सुरक्षा को लेकर नियम और न्यायालय के निर्देश होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है।

उन्होंने मांग की कि हमलावर कुत्ते को जल्द पकड़ा जाए और संकरी गलियों में नियमित निगरानी और कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। स्थानीय लोगों ने विधायक से भी अपने फंड से सुरक्षा संबंधी इंतजाम कराने की मांग की।

यह भी पढ़ें- बल‍िया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर में इलाज कराने पहुंचे मरीज को अस्पताल परिसर में कुत्ते ने काटा

यह भी पढ़ें- राजस्थान के कोटा में 5 साल की बच्ची को कुत्ते ने काटा, घर के बाहर गली में घूम रही थी मासूम