बेटी की शादी में घरवाले हुए व्यस्त, चोरों ने घर में घुसकर उड़ाए 18 लाख रुपये
फर्श बाजार इलाके में शुक्रवार तड़के बदमाशों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब छह लाख के गहने और 12 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। फर्श बाजार इलाके में बदमाशों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब छह लाख के गहने और 12 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार वारदात के वक्त बेटी की शादी में विवेक विहार स्थित एक मैरिज हॉल में था। परिजन घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। पीड़ित राजेश अरोड़ा (54) की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश अरोड़ा परिवार के साथ फर्श बाजार के बड़ा ठाकुर द्वार के पास रहते हैं। वह बिल्डिंग बनाने का काम करते हैं। गुरुवार रात विवेक विहार स्थित एक मैरिज हॉल में उनकी बेटी की शादी थी। पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर शादी में गया था। रात करीब 3:00 बजे उनका बेटा घर आया तो सब कुछ ठीक था। इसके बाद वह चला गया।
तड़के 4:30 बजे दोबारा आया तो घर का ताला टूटा हुआ था। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद वह मैरिज हॉल पहुंचकर घर में चोरी होने की सूचना दी। परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंचे तो पता चला कि घर में रखी 12 लाख की नकदी और छह लाख के गहने गायब हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक में बैग काट नकदी लेकर फरार
मानसरोवर पार्क इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बैंक के अंदर बदमाश बुजुर्ग का बैग काटकर 50 हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। पीड़ित हरपाल सिंह (65) की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरपाल अमर कॉलोनी, गोकलपुरी में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे वह मानसरोवर पार्क जीटी रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया में रुपये निकालने गए थे।
एक लाख रुपये निकालने के बाद बैग में रखकर पासबुक में एंट्री कराने के लिए खड़े थे। अपना बैग काउंटर पर रखा था। थोड़ी देर बाद देखा तो बैग का किनारा कटा हुआ था। बैग के अंदर से 500 की एक गड्डी गायब थी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।