Delhi Weather News: दिल्ली-एनसीआर में 16 मार्च से तापमान में होगी बढ़ोत्तरी, पढ़िए मौसम विभाग का ताजा अपडेट
Delhi Weather News मौसम विभाग के अनुसार अब मौसम का तापमान बढ़ेगा और अगले सप्ताह 16 मार्च को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। हालांकि रविवार को मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। रोजाना की तरह लोगों को दिन में गर्मी का अहसास होगा।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो । दिल्ली एनसीआर में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। धीरे-धीरे गर्मी में बढ़ोत्तरी होने लगी है और बढ़ते तापमान को लेकर लोग दिन और रात में पंखे चलाने लगे हैं। मौसम विभाग की माने तो मार्च के आखिरी दिनों में मौसम पूरी तरह से गर्मी में तब्दील हो जाएगा। हालांकि लोगों का कहना है कि धूप खिलने पर पूरी तरह से गर्मी का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार अब मौसम का तापमान बढ़ेगा और अगले सप्ताह 16 मार्च को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। हालांकि रविवार को मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। रोजाना की तरह लोगों को दिन में गर्मी का अहसास होगा। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह इस सीजन में अब तक सबसे अधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस व पीतमपुरा में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस व नजफगढ़ में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में नौ मार्च को 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली एनसीआर में मध्यम श्रेणी में रही हवा की गुणवत्तादिल्ली एनसीआर में शनिवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 160 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 164 था। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 166, गाजियाबाद का 182, ग्रेटर नोएडा का 154, गुरुग्राम का 122 और नोएडा का 137 दर्ज किया गया। सफर इंडिया का कहना है कि तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में ही बनी रहेगी।