भाजपा का 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा शुरू
नोट: पूर्वी दिल्ली से भेजी गई फोटो में से एक फोटो इस खबर के साथ इस्तेमाल करें -गांधी जयंती
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
राजधानी में शनिवार को भाजपा का स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा शुरू हुआ। दो अक्टूबर तक भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों व मंडलों में सफाई अभियान चलेगा। पहले दिन कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता का संकल्प लिया। आम लोगों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा जिससे कि देश की राजधानी को स्वच्छ बनाया जा सके।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छता संदेश सुनने के बाद स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष अजय महावर, प्रदेश मंत्री गजेंद्र यादव भी उनके साथ मौजूद थे। रामलाल ने कहा कि भव्य भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ पर्यावरण और उसके लिए स्वच्छता जरूरी है। हम सब का यह दायित्व है कि जो लोग गली-मोहल्ला, प्रदेश और देश को स्वच्छ बनाने के काम में लगे हुए हैं उनका सम्मान करें।
तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार आजादी पूर्व राजा राममोहन राय ने एक शासक के साथ समाज सुधारक के रूप में कार्य किया, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी भी शासन के साथ-साथ समाज में सार्थक परिवर्तन लाने को कटिबद्ध हैं। अगला पखवाड़ा दिल्ली में स्वच्छता ही सेवा अभियान को समर्पित रहेगा। पार्टी संगठन के साथ-साथ दिल्ली के तीनों नगर निगम एवं अनेक नागरिक संगठन इसमें अपना सहयोग देंगे। हम प्रधानमंत्री के स्वच्छता संदेश को घर-घर लेकर जाएंगे।
दिल्ली में स्वच्छता ही सेवा अभियान पखवाडे़ के संयोजक एवं प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि सभी 280 मंडलों में कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता कार्य में नियमित सहयोग के संकल्प को एक बार फिर से दोहराया है।
कुली कैंप वसंत विहार में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, खिचड़ीपुर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, लाडो सराय में केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल, सेवा नगर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, मंगोलपुरी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, प्रेम नगर करोल बाग में प्रदेश सहप्रभारी तरुण चुघ, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा, सैनिक विहार पीतमपुरा में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, निलौठी गाव में प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, कालकाजी मंदिर में राष्ट्रीय मंत्री आरपी सिंह, तुगलकाबाद गाव में सांसद रमेश बिधूड़ी, एनडीएमसी के कार्यक्रम में सांसद मीनाक्षी लेखी, नरेला में सांसद डॉ. उदित राज, रोहिणी में दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नवीन शाहदरा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पीतमपुरा गाव में प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता, मादीपुर में प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, करोलबाग में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए।