दिल्ली धोखाधड़ी मामला: 60 लाख की ठगी का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, गहने बरामद
दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में यश कैलाश बुलचंदानी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल ...और पढ़ें
HighLights
दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी को गुजरात से पकड़ा।
यश कैलाश बुलचंदानी ने 60 लाख की ज्वेलरी और नकदी ठगी।
पुलिस ने पिघला सोना, हीरे का सेट और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद कीं।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में सफदरजंग एन्क्लेव थाने की टीम ने धोखाधड़ी का मामला सुलझाते हुए आरोपी यश कैलाश बुलचंदानी को गुजरात से गिरफ्तार किया है।
टीम ने 96 ग्राम पिघला हुआ सोना, सोने के दो सिक्के, सोने की एक चेन, हीरे का एक सेट और एक मोबाइल फोन बरामद की।
दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, 17 जुलाई को थाने में लगभग 60 लाख की ज्वेलरी और कैश की धोखाधड़ी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी।
टीम ने जांच शुरू की
मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एसआई पंकज कुमार, हेड कॉन्स्टेबल भवानी सिंह और कॉन्स्टेबल अभिषेक शामिल थे। सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर रजनीश कुमार के नेतृत्व और एसीपी मेल्विन वर्गीज की देखरेख में टीम ने जांच शुरू की।
वहीं, जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता आरोपित के संपर्क में सोशल मीडिया के माध्यम से आई थी। आरोपी ने खुद को इन्वेस्टमेंट एक्सपर्ट बताकर उसका भरोसा जीता और बाद में उसे इन्वेस्टमेंट के लिए पैसे और ज्वेलरी देने के लिए राजी कर लिया।
9 जुलाई को आरोपी दिल्ली में शिकायतकर्ता से मिला और उसका मोबाइल फोन, ज्वेलरी और एक बैग लेकर भाग गया, जिसमें 14 लाख नकद और एक क्रेडिट कार्ड था।
पता लगाने में मदद मिली
पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, उपलब्ध रिकॉर्ड के सत्यापन और संबंधित एजेंसियों, सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ तालमेल बिठाकर लगातार प्रयास किए। जुटाए गए डेटा का बारीकी से विश्लेषण और पुष्टि की गई, जिससे आरोपी की पहचान और उसका पता लगाने में मदद मिली।
वहीं, मिली जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने मेहसाणा, गुजरात में छापा मारा और खेड़ा (गुजरात) निवासी आरोपित यश कैलाश बुलचंदानी को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 96 ग्राम पिघला हुआ सोना, सोने के दो सिक्के, सोने की एक चेन, हीरे का एक सेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
