चोरी के शक में युवक को पीट-पीटकर मार डाला, दिल्ली के शाहबाद डेयरी में खौफनाक वारदात; पुलिस जांच जारी
शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में चोरी के शक में तीन युवकों की पिटाई की गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

घटनास्थल पर मौके पर मौजूद पुलिस। जागरण
HighLights
चोरी के शक में तीन युवकों को बेरहमी से पीटा गया।
एक युवक की मौत हुई, दो घायल अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच शुरू।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह चोरी के शक में तीन युवकों की पिटाई का मामला सामने आया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक संदिग्ध चोर को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां तीन लोग घायल अवस्था में मिले।
तीनों को पहुंचाया अस्पताल
पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हसन मंगल को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। दोनों घायलों का उपचार जारी है। जांच में सामने आया कि हसन मंगल के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वह थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया का अनुपस्थित बीसी भी था। क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मारपीट में शामिल होने के आरोप में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और मारपीट के कारणों की जांच कर रही है।
