विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्य निकेतन हादसे में शुभम त्यागी ने कोर्ट में किया सरेंडर, अब दूसरे पीजी संचालक सुधांशु के सामने होगी पूछताछ

Published: Fri, 11 Sep 2026 04:44 PM (IST)

सत्य निकेतन भवन ढहने के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपित सुधांशु और शुभम त्यागी को दो दिन की ...और पढ़ें

छह सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में निर्माणाधीन भवन का हिस्सा ढह गया था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी।

छह सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में निर्माणाधीन भवन का हिस्सा ढह गया था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। 

HighLights

  1. सत्य निकेतन भवन ढहने के दो आरोपित पुलिस हिरासत में।

  2. शुभम त्यागी और सुधांशु से होगी आमने-सामने पूछताछ।

  3. भवन मालिक का बेटा और ठेकेदार न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सत्य निकेतन में छह सितंबर को हुए भवन ढहने के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को आरोपित सुधांशु और शुभम त्यागी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने दोनों से पूछताछ करने और आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने के लिए रिमांड मांगी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों की भूमिका हादसे वाली इमारत में पीजी संचालक के तौर पर सामने आई है।

पुलिस ने अदालत को बताया कि दोनों आरोपितों से आमने-सामने पूछताछ कर उनके बयानों का मिलान करना जरूरी है। इसके अलावा, पुलिस को शुभम त्यागी का मोबाइल फोन भी बरामद करना है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शुभम त्यागी ने शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। वह कथित तौर पर पीजी संचालक और सुधांशु का सहयोगी है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को अदालत ने शुभम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उसने शुक्रवार को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

वहीं, दो दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद भवन मालिक के बेटे महेश गुप्ता और श्रमिक ठेकेदार सनोज को अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूछताछ के बाद कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

बता दें कि छह सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में निर्माणाधीन भवन का हिस्सा ढह गया था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने भवन निर्माण और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच शुरू की थी। मामले में पीजी संचालन से जुड़े आरोपितों से भी पूछताछ की जा रही है।