'रोड पर 100 मीटर तक घसीटा', दिल्ली के आरके पुरम में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर; ड्राइवर गिरफ्तार
दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर बैठा युवक मामूली रूप से घायल हो गया।
HighLights
आरके पुरम में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी।
बाइक पर बैठे युवक तनिष टोकस को मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने 73 वर्षीय कार चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम में तेज रफ्तार कार ने बृहस्पतिवार रात सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक पर बैठा युवक मामूली रूप से घायल हो गया।
वहीं, पुलिस ने बुजुर्ग कार चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रात लगभग 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर, भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाते समय एक दुर्घटना हुई।
10:22 बजे सूचना मिली
आरके पुरम पुलिस स्टेशन को रात लगभग 10:22 बजे सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि मुनिरका गांव के रहने वाले लगभग 21 वर्षीय तनिष टोकस सड़क के किनारे अपनी बाइक खड़ी कर उस पर बैठे थे।
तनिष बाइक से गिर पड़े
वसंत कुंज के रहने वाले लगभग 73 वर्षीय वेणु गोपाल नीले रंग की होंडा अमेज कार तेज रफ्तार में चलाते आ रहे थे और किनारे खड़े बाइक को टक्कर मार दी। इससे तनिष टोकस बाइक से गिर पड़े।
वहीं, होंडा कार बाइक को कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई। घायल की मेडिकल जांच कराई गई। हालांकि उन्हें मामूली चोट ही आयी थी।
इस मामले में आरके पुरम थाने में एफआइआर दर्ज कर आरोपी चालक वेणु गोपाल को हिरासत में ले लिया गया। उसकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब का कोई अंश नहीं मिला है। मामले में आगे की जांच जारी है।
