Delhi CM Oath Ceremony Highlights: अब राजधानी में रेखा राज... सचिवालय में होगी कैबिनेट बैठक, शाम को यमुना घाट पर करेंगे आरती
Delhi CM Rekha Gupta Oath Taking Ceremony Highlights: रेखा गुप्ता ने आज बृहस्पतिवार (20 फरवरी) को दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। उनके बाद कपिल मिश्रा समेत छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। यहां पढ़िए पल-पल का अपडेट्स-

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Delhi CM Oath Ceremony रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने आज बृहस्पतिवार (20 फरवरी) को राजधानी दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में (Rekha Gupta Oath Ceremony) शपथ ली है। उनके बाद छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से आप उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की थी। यहां पढ़िए पल-पल का अपडेट्स-
रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित दिल्ली के संकल्प के साथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह समाप्त हो गया है। अब सचिवालय में कैबिनेट की बैठक होगी। इसके बाद शाम को यमुना पर आरती की जाएगी।
राजद नेता मनोज कुमार झा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और उनके मंत्रिमंडल द्वारा किए गए सभी वादें जमीनी स्तर पर पूरे किए जाएं। साथ ही कहा कि जो बेहतर चीजें थीं वे जारी रहें और उनमें कोई रुकावट न हो।
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को बधाई दी। स्वाति मालीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ रेखा गुप्ता को चुना है। मुझे उम्मीद है कि वह दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी।
जहां रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो वहीं कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा कि दिल्ली में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा एक महिला मुख्यमंत्री की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता कामयाबी होंगी तो दिल्ली की जनता भी कामयाब होगी। अलका लांबा का कहना है कि उन्हें कैबिनेट, शासन और प्रशासन को मिलाकर लेकर चलना है। उन्हें पूरी दिल्ली की समस्याओं को जानना होगा।
रामलीला मैदान में राष्ट्रगान से शुरू शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ और इसी से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का समापन हुआ। मोदी निकले तो रेखा गुप्ता मंच पर ही थीं। इस दौरान चंद्रबाबू नायडू ने प्रोटोकॉल बताकर उन्हें पीएम मोदी को छोड़कर आने को कहा।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने भी शपथ ले ली है। ये डेंटिस्ट हैं और इनके पिता निगम में कमिश्नर रह चुके हैं।
कपिल मिश्रा ने दूसरी बार दिल्ली के मंत्री के रूप में शपथ ली है। वहीं, कपिल मिश्रा के शपथ लेने पर मंत्रियों ने बहुत देर तक ताली बजाई। खास बात यह है कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुमुखी में शपथ ली।
मनजिंदर सिंह सिरसा और रविन्द्र इंद्राज ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है। इस बार भाजपा ने दिल्ली की 70 सीटों में से 48 सीटों पर कब्जा किया था।
रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के बाद आशीष सूद ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है।
रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। एक-एक करके सभी छह विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रही हैं। इनके बाद छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।
पीएम मोदी ने सभी नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संतों का झुककर अभिनन्दन किया। मैदान में मोदी जी की जय, जय श्री राम और वंदे मातरम के जमकर नारे लगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और जदयू के ललन सिंह के बीच में बैठे हैं।
मंत्री पद की शपथ लेने वाले रविंद्र इंद्राज, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज कुमार सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ व दिल्ली भाजपा की प्रभारी अल्का गुर्जर के साथ मंच पर पहुंच गए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा मंच पर पहुंच चुके हैं। भावी सीएम रेखा गुप्ता भी मंच पर पहुंच गई हैं। पीएम मोदी भी कुछ देर में पहुंचने वाले हैं।
हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी रामलीला मैदान में पहुंच चुके हैं। इस दौरान नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की भावी सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की। रेखा गुप्ता कुछ देर में अपने मंत्रिमंडल के साथ रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण करेंगी।
लक्ष्मी नगर से आई रेखा उनियाल ने रामलीला मैदान पहुंचकर कहा कि मैं खुद और सारी महिलाएं रेखा जी के मुख्यमंत्र बनने पर खुद को ही मुख्यमंत्री समझ रहे हैं। यह मोदी जी के चलते संभव हुआ है, मातृ शक्ति का सम्मान किया है उन्होंने।
दिल्ली की होने वाली सीएम रेखा शर्मा को लेकर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, उनको और उनकी कैबिनेट को बहुत शुभकामनाएं। आशा करते हैं ये लोग अच्छा काम करेंगे। दिल्ली को एक अच्छी दिल्ली मिले। रेखा गुप्ता जिस तरह से चुनी गईं, उससे एक चीज स्पष्ट हो जाती है कि एक विचारधारा के लोगों को ज्यादातर अब भाजपा बड़े-बड़े पदों पर भेज रही है।
रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आप से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी रामलीला मैदान पहुंची हैं। उन्होंने रेखा गुप्ता से मुलाकात भी की है।
#WATCH राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने रामलीला मैदान में पहुंच कर रेखा गुप्ता से मुलाकात की।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 20, 2025
दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कुछ देर में अपने मंत्रिमंडल के साथ रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण करेंगी। pic.twitter.com/a4angIp9C0
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में पहुंच चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों से मुलाकात की।
दिल्ली के रामलीला मैदान में किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री का आगमन भी पहली बार हो रहा है।
रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर नई दिल्ली के वाल्मिकी मंदिर के प्रमुख चीमा जी महाराज भी मौजूद हैं।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालिका नंद गिरि ने कहा कि दिल्ली की जनता ने दिल्ली से आम आदमी पार्टी सरकार को उखाड़ फेंका और उसकी जगह भाजपा को पूरे बहुमत के साथ दिल्ली की सत्ता सौंप दी।
दिल्ली की नई सरकार को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में संत महात्मा भी पहुंचे हैं। इसमें आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि, संत मंडल के अध्यक्ष नारायण गिरि जी महाराज प्रमुख है।
रामलीला मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। अब कार्यक्रम शुरू होने में थोड़ा ही समय बचा है। कई बड़े नेता भी रामलीला मैदान में पहुंच चुके हैं।
दिल्ली की महिलाओं को आठ मार्च से 2500 रुपये मिलेंगे। भाजपा ने चुनाव से पहले वादा किया था कि हम सरकार बनने के बाद दिल्ली की महिलाओं को प्रति महीने 2500 रुपये देंगे। अब भाजपा ने कहा कि हम अपने वादे को पूरा करेंगे।
दिल्ली के जिस रामलीला मैदान में पिछले 27 सालों से भाजपा के कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन के लिए आते थे, आज शपथ ग्रहण के साक्षी बने हैं।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमें इतना प्यार और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि आज 27 साल बाद राजधानी में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। प्रवेश वर्मा ने कहा दिल्ली के लोगों को विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली को दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी बनाने में सफल होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं कि उनकी मेहनत रंग लाई है।
राजेंद्र सोनी ने कहा कि हम लोगों को भाजपा द्वारा आमंत्रित किया गया है। हम ऑटो, टैक्सी ड्राइवर संघ से हैं, हम बेहद खुश हैं, क्योंकि भाजपा ने हमारी दशकों की मांग कल्याण बोर्ड बनाने की मांग को संकल्पित किया है। ऑटो टैक्सी, कुली वर्ग से लोगों को मंच पर बुलाया गया है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लहराते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के जमकर नारे लगाए। अब कार्यक्रम शुरू होने में सिर्फ एक घंटा ही बचा है।
रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से शालीमार बाग एपी ब्लाक के लोग बेहद उत्साहित हैं। एपी ब्लाक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अशोक गुप्ता का कहना है कि दिल्ली के विकास के एक नए युग की आज से शुरुआत हुई है।
शपथ ग्रहण समारोह को विकसित दिल्ली शपथ समारोह नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार में दिल्ली को विकसित भारत का विकसित राजधानी बनाने का वादा कर समर्थन मांगा था। भाजपा के संकल्प पत्र में भी विकसित दिल्ली का वादा किया गया है।
दिल्ली की भावी सीएम रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए घर से निकल गई हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के जमकर जयकारे लगाए। रेखा गुप्ता कुछ ही देर में रामलीला मैदान पहुंच जाएंगी।
दिल्ली के रामलीला मैदान में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं में बहुत खुशी का माहौल है।
शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को रामलीला मैदान के बाहर व भीतर के साथ ही दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर एलसीडी के माध्यम से लाइव दिखाया जाएगा।
रामलीला मैदान में कार्यक्रम के बाद नए सीएम व मंत्री केंद्रीय सचिवालय में जाकर पद संभालेंगे। शपथ ग्रहण करने का कार्यक्रम लगभग 30 मिनट में पूरा होगा।
राजधानी की सीएम चुनी गईं रेखा गुप्ता से जब यह पूछा गया कि आप शीशमहल में रहेंगी या नहीं तो उन्होंने कहा कि नहीं, नहीं।
रामलीला मैदान में 12.35 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। 12.35 से 12.40 तक एलजी सीएम और उनके मंत्रिमंडल को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन 12.25 पर होगा। इसके बाद 12.30 बजे राष्ट्रगान होगा।
रामलाली मैदान में आज दोपहर में 12.15 मिनट पर एलजी का आगमन होगा। फिर 12.20 बजे केंद्रीय गृहमंत्री, अन्य मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम का आगमन होगा।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी, उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
ग्रहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली को दुनिया की शीर्ष राजधानियों में से एक बनाने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने लिया है, आप उस दिशा में समर्पण भाव से कार्य करेंगी। दिल्ली की माताओं-बहनों ने जिन आशाओं और अपेक्षाओं से भाजपा को आर्शीवाद दिया है, मुझे भरोसा है कि आपके नेतृत्व में भाजपा उसकी पूर्ति के लिए दिन-रात कार्य करेगी।
मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार की देर शाम एलजी वीके सक्सेना से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, भाजपा पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, प्रवीण खंडेलवाल और कमलजीत सहरावत भी मौजूद रहे।
इस बार भी वह पार्षद रहते हुए विधानसभा चुनाव लड़ीं और आप की बंदना कुमारी को शिकस्त दे दी। बीते दो चुनाव से रेखा उनसे हार रही थीं।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में भव्य तैयारी है। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम के साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।
मुख्यमंत्री की रेस में प्रवेश वर्मा, शिखा राय, विजेंद्र गुप्ता, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, आशीष सूद, पवन शर्मा आदि का नाम चल रहा था, लेकिन बाजी पहली बार विधानसभा पहुंची रेखा गुप्ता ने जीती। बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने रेखा गुप्ता को बधाई दी। रेखा गुप्ता तीन बार पार्षद रह चुकी हैं।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज मुख्यमंत्री के साथ 6 विधायक भी कैबिनेट के मंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया गया कि प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे।
पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे रविशंकर प्रसाद और ओमप्रकाश धनखड़ ने बैठक में कहा कि दिल्ली में भाजपा 27 साल बाद सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए सभी को बधाई। इसके बाद कई अन्य नेताओं ने बैठक को संबोधित किया। बाद में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा व सतीश उपाध्याय ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने मुहर लगा दी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गई रेखा गुप्ता ने कहा कि यह एक चमत्कार है, दिल्ली की बहनों के जीवन में एक नया अध्याय है। आज यदि रेखा प्रदेश की सीएम बनकर काम कर सकती है तो मुझे लगता है हर बहन के लिए रास्ते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता है। जिसने भी राजधानी के अंदर भ्रष्टाचार किया है, उसे एक-एक रुपये का हिसाब देना होगा।
विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से मुख्यमंत्री के लिए नाम तो कई चले, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने रेखा गुप्ता के नाम पर भरोसा जताया। नाम की घोषणा होने के साथ ही उनके पीतमपुरा स्थित घर पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
रेखा गुप्ता छात्र राजनीति के जरिये दिल्ली की सत्ता के शीर्ष पर पहुंची हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता के नाम की औपचारिक घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी।
