राशन डिपो संचालक के मनमाने रवैये से लोग परेशान
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: होलम्बी कलां स्थित मेट्रो विहार में राशन डिपो संचालक सरका
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: होलम्बी कलां स्थित मेट्रो विहार में राशन डिपो संचालक सरकारी नियमों से इतर अपने ही नियम बनाकर लोगों को राशन उपलब्ध करा रहे हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि महीने में किस दिन राशन की दुकान खुलेगी, इसके बारे में लोगों को कोई जानकारी नहीं दी जाती। महीने में एक या दो ही दिन दुकान खुलने के कारण सभी लोगों को राशन भी नहीं मिल पाता और जिन लोगों को राशन नहीं मिला, उन्हें दूसरे महीने पिछले महीने का राशन भी नहीं दिया जाता। साथ ही लोगों का कहना है कि जो खाद्य सामग्री उन्हें दिया जाता है वह भी खराब गुणवत्ता का होता है। शिकायत करने पर डिपो संचालक उल्टा धमकी देता है। प्रतिनिधियों व संबंधित विभाग में शिकायत करने के बावजूद उसी व्यवस्था के अनुरूप इन्हें खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा योजना के तहत हम लोगों को जिस हिसाब से राशन मिलना चाहिए, वैसा यहां कुछ नहीं होता। लाखों की आबादी में महीने में एक या दो दिन राशन डिपो खोला जाता है। उस पर इतनी भीड़ में कितनों को तो राशन भी नहीं मिल पाता।
- फूल देवी, स्थानीय निवासी
यहां डिपो संचालक जो खाद्य सामग्री हमे उपलब्ध कराती है। वह अच्छी गुणवत्ता की नहीं होती। चावल टूटे होते हैं उनमें कंकड़ मिलते हैं। गेहूं में मिट्टी मिली होती है । ऐसे में हम लोग अब किस पर भरोसा करें और कहां से सामान ले।
- कांता देवी, स्थानीय निवासी
डिपो संचालक की मनमानी का खामियाजा हम लोगों को ही भुगतना पड़ता है। यहां ऐसे कई परिवार हैं जिनके राशन कार्ड पर अगर छह सदस्यों के नाम चढ़े हैं तो वहां सिर्फ दो या तीन सदस्यों का ही राशन दिया जाता है। ऐसे में वह परिवार पर्याप्त खाना तक नहीं जुटा पाता।
- सीता, स्थानीय निवासी