विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रजोकरी हिट एंड रन: माता-पिता के सवालों पर दिल्ली पुलिस की सफाई- मेडिकल में नहीं हुई कोई देरी, आरोपी गिरफ्तार

Published: Thu, 02 Jul 2026 07:54 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने रजोकरी हिट एंड रन मामले में मृतक सार्थक मट्टू के माता-पिता के सवालों पर जवाब दिया है। ...और पढ़ें

सार्थक मट्टू का फाइल फोटो (दाएं), पुलिस की गिरफ्तर में आरोपी अपूर्व सिंह। फोटो: दिल्ली पुलिस

सार्थक मट्टू का फाइल फोटो (दाएं), पुलिस की गिरफ्तर में आरोपी अपूर्व सिंह। फोटो: दिल्ली पुलिस

HighLights

  1. पुलिस ने आरोपी अपूर्व सिंह के मेडिकल में देरी से इनकार किया

  2. मृतक सार्थक मट्टू के माता-पिता ने जांच पर सवाल उठाए थे

  3. नशे की पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर हुए हिट एंड रन मामले में मृतक सार्थक मट्टू के माता-पिता द्वारा जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने अपना पक्ष रखा है।

पुलिस ने कहा कि हादसे के आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने में किसी तरह की देरी नहीं हुई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उसका मेडिकल कराया गया था। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी अपूर्व सिंह की तस्वीर भी जारी की है।

rajokari hit and run thar 1

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के तुरंत बाद उसका मेडिकल कराया गया था। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने से जुड़े पहलू की पुष्टि अब फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल परीक्षण में किसी तरह की देरी नहीं हुई।

माता-पिता ने उठाए थे जांच पर सवाल

34 वर्षीय सार्थक मट्टू की 25 जून की सुबह रजोकरी फ्लाईओवर के पास उस समय मौत हो गई थी, जब एक महिंद्रा थार ने कथित तौर पर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। सार्थक गुरुग्राम के डीएलएफ से नोएडा अपने कार्यालय जा रहे थे।

सार्थक के पिता सुरेंद्र मट्टू का कहना है कि यदि हादसे के बाद चालक रुककर उनके बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाता, तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने जांच को लेकर भी सवाल उठाए थे।

rajokari hit and run

राहगीर ने पहुंचाया था अस्पताल

हादसे के बाद एक राहगीर सार्थक को भारतीय स्पाइनल इंजरी सेंटर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया।

rajokari hit and run thar

28 जून को गिरफ्तार हुआ अपूर्व सिंह

दिल्ली पुलिस ने 28 जून को 30 वर्षीय अपूर्व सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय वही महिंद्रा थार चला रहा था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहा है।

पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल थार को भी जब्त कर लिया है। यह वाहन बेंगलुरु की एक निजी कंपनी के नाम पर पंजीकृत है और कंपनी के कर्मचारी सागर साहा को लीज पर दिया गया था। हादसे के समय सागर साहा आगे की सीट पर बैठा था।

मामले की जांच के बीच दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अपूर्व सिंह की तस्वीर भी जारी की है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और नशे से संबंधित पहलुओं पर फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 'हम तो आधे मरे हुए हैं...', वसंतकुंज थार हिट एंड रन में बेटे को खाेने वाले माता-पिता ने PM से मांगा इंसाफ