तरुण की तरह होली पर दिल्ली के पुल प्रहलादपुर में भी हुई थी युवक की हत्या, पिता ने उठाई न्याय की आवाज
होली के दिन पुल प्रहलादपुर में 24 वर्षीय सूरज की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सिगरेट के पैसे मांगने पर ...और पढ़ें
-1773673204221_m.webp)
पुल प्रह्लादपुर में घटना की जानकारी देते सूरज के पिता विजय कुमार कर्ण, दोस्त मनोज कुमार उर्फ मोनू व लाखन सिंह। जागरण
HighLights
होली पर पुल प्रहलादपुर में युवक सूरज की हत्या
सिगरेट के पैसे मांगने पर विवाद, सादिक ने पीटा
पिता ने हत्या की धारा में जांच व नशे पर रोक की मांग की
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। होली के दिन उत्तम नगर ही नहीं बल्कि पुल प्रहलादपुर में भी एक युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई थी। मृतक की पहचान ई 32 बी बुध बाजार रोड निवासी 24 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। भीड़ ने नशे में धुत हमलावर सादिक को मौके से ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूरज के पिता की क्या है मांग?
पुल प्रह्लादपुर थाने की पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है। हालांकि मृतक के पिता विजय कुमार कर्ण पुलिस कार्रवाई संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने आरोपित सादिक के अन्य साथियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में खुलेआम सूखे नशे की बिक्री पर भी रोक लगाने की मांग, ताकि जो उनके बेटे की तरह की तरह किसी दूसरे के घर का चिराग न उजड़ने पाए।
सूरज के दोस्तों ने क्या कहा?
सूरज के पिता के साथ ही उसके बचपन के दोस्त मनोज कुमार उर्फ मोनू व लाखन सिंह ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। बताया सूरज बतौर कंपाउंडर काम करता था। मोनू व लाखन ने बताया कि घटना वाले दिन यानी होली पर दोपहर तीन बजे के करीब तीनों साथ थे।
चक्की वाली गली में सभी ने होली खेली। उसी गली में आरोपित सादिक व उसका साथी सागर भी नशे में धुत होकर होली खेल रहे थे। मोनू शाम मिलने की बात कहकर घर चला गया। वहीं सूरज राधा-कृष्ण मंदिर के पास लाखन के घर गया। गुझिया खाकर लौट ही रहा था कि मंदिर के पास सादिक ने सिगरेट के लिए उससे पैसे मांगे। मना करने पर सादिक ने उसे एक थप्पड़ जड़ दिया।
आरोपित ने मांगे थे सिगरेट के लिए पैसे
इस पर सूरज ने सादिक व सागर दोनों को पीटा। आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अपने-अपने घर भेजा। चक्की वाली गली से होकर जब सूरज लौट रहा था, तब सादिक दूसरी ओर से दौड़ता हुआ आया। बाल पकड़कर सूरज को जमीन पर पटक दिया और लात-घूसों से ताबड़तोड़ पिटाई करने लगा। जब तक लोग पहुंचे, सूरज बेसुध हो चुका था।
चक्की वाली गली में ही रहने वाले गजपाल सिंह नेगी ने सीपीआर दी, पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं लोगों ने मौके से आरोपित सादिक के पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पांच मार्च को पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया।
वर्ष 2001 दशक से यहां रहता है परिवार
विजय कुमार कर्ण मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के गांव धरमडीह थाना फुलपरास के रहने वाले हैं। पत्नी चंदा देवी व तीन बेटों सूरज, प्रकाश व चंदेश कुमार के साथ बुध बाजार रोड, ई 32 बी, पुल प्रह्लादपुर में वर्ष 2001 से किराए पर रहते हैं।
विजय कैब चालक हैं। सूरज कंपाउंडर का काम करता था। वहीं प्रकाश ने नौवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी और ई-रिक्शा चलाता है। जबकि सबसे छोटा बेटा चंदेश छठवीं कक्षा का छात्र है।
