शारीरिक दूरी का पालन कर मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज
अनलॉक-1 के बाद पहले जुमे के दिन दक्षिणी दिल्ली की मस्जिदों में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नमाज पढ़ी गई।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : अनलॉक-1 के बाद पहले जुमे के दिन दक्षिणी दिल्ली की मस्जिदों में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नमाज पढ़ी गई। इस दौरान मस्जिदों के मौलाना और अन्य धर्मगुरुओं ने घर से ही समय पर नमाज पढ़ने की अपील की। मस्जिद में भी कम संख्या में लोग पहुंचे और लोगों ने फेस मास्क लगाकर नमाज पढ़ी। नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास सुरक्षा बल तैनात रहे।
दक्षिणी दिल्ली के जामिया नगर, ओखला, गोविदपुरी, तुगलकाबाद, ओखला मंडी, बाटला हाउस और शाहीन बाग में जुमे की नमाज के दौरान लोग शारीरिक दूरी का पालन करते नजर आए। मस्जिदों के इमाम और मौलानाओं ने लोगों से घर पर रहकर ही नमाज पढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मस्जिद में कम लोगों के ही बैठने की क्षमता है ऐसे में लोग अपने अपने घरों से ही नमाज पढ़ें। शाहीन बाग मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे आरिफ और उस्मान ने बताया कि मस्जिद में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए जितने लोग बैठ सकते थे उतने ही लोगों को प्रवेश दिया गया। मस्जिद में वजू की व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों से अपने घर से वजू कर आने को कहा गया है।