प्रदूषण फैलाने वालों पर एक दिन में सवा सौ चालान
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली प्रदूषण को देखते हुए पूर्वी निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। 15
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : प्रदूषण को देखते हुए पूर्वी निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। 15 अक्टूबर से शुरू हुई कार्रवाई के तहत मंगलवार को सबसे ज्यादा चालान काटे गए। पूर्वी निगम ने एक दिन में नियमों के उल्लंघन पर 124 चालान जारी किए हैं। ये चालान 3,07,450 रुपये के हैं। इसमें से लोगों ने 1,33,550 रुपये निगम के पास जमा भी करा दिए हैं। इससे पहले सोमवार को निगम की तरफ से कुल 34 चालान जारी किए गए थे। इसके साथ ही सात फैक्ट्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निगम अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में दिन-रात निगरानी के लिए 30 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें खुले में मलबा पड़ा होने या आग लगाने पर जुर्माना कर रही हैं। इसके साथ निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने पर कार्रवाई की जा रही है। दो दिनों से निगम की टीमों ने कोयला या लकड़ी जलाने वाले तंदूर पर भी चालान जारी करने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को खुले में मलबा डालने को लेकर 104 चालान किए गए। इसके साथ ही आग लगाने पर एक और निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने पर 14 चालान किए गए हैं। तीन चालान तंदूर के खिलाफ हुए हैं। इसके साथ ही छह टीमें फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर रही हैं। नियमों के उल्लंघन पर फैक्ट्री मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। महापौर ने किया निरीक्षण
प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के साथ इसे रोकने के लिए निगम की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में महापौर निर्मल जैन ने मंगलवार सुबह आनंद विहार बस अड्डे के आसपास मशीनों से रसायनयुक्त पानी के छिड़काव का निरीक्षण किया। उनके साथ ही आइपी एक्सटेंशन की पार्षद अपर्णा गोयल और आनंद विहार की पार्षद गुंजन गुप्ता व अधिकारी भी साथ थे। यहां पर स्प्रिंकलर मशीनों के जरिये पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही एंटी स्मॉग गन का भी प्रयोग किया जा रहा है। एंटी स्मॉग गन के जरिये भी पानी का छिड़काव होता है। निर्मल जैन ने कहा कि यह अभियान पूरे निगम क्षेत्र में चल रहा है। सभी जगह मशीनों से पानी का छिड़काव कर वायु प्रदूषण को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।