नोएडा में खूब गरजे PM मोदी लेकिन 'भारत माता की जय' पर साधी चुप्पी
देश मे बीते कई दिनों से भारत माता की जय बोलने को लेकर चल रहे विवाद की छांव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भी दिखी।
नोएडा (ललित विजय)। देश मे बीते कई दिनों से भारत माता की जय बोलने को लेकर चल रहे विवाद की छांव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भी दिखी। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि वह तो दिनभर भारत माता की जय बोलते हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विवाद से बचते दिखे।
उनका भाषण शुरू होने से पहले वहां एकत्रित लोगो ने भारत माता की जय के नारे लगाए, लेकिन पीएम मौन रहे। इसी तरह भाषण खत्म होने के बाद भारत माता की जय के नारे लगने पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बता दें कि प्रधानमंत्री जहां भी लोगों को संबोधित करने जाते हैं,वहां भारत माता की जय के नारे जरूर लगाते हैं।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में देश-विरोधी नारे लगने की चर्चा और छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के बाद भारत माता की जय बोलने को लेकर देश में विवाद शुरू हुआ। इसे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के कोलकाता में दिए बयान ने और हवा दी।
इसमें उन्होंने कहा था कि देश के युवाओं को भारत माता की जय बोलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इन सब के बीच मंगलवार को नोएडा के सेक्टर 62 में स्टैंड अप इंडिया कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हुए थे। इसी कार्यक्रम में दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे थे।
जिसे नहीं बोलना हैै वह न बोलेः मनोज तिवारी
उन्होंने कहा कि उन्हें जब मन होता है तब भारत माता की जय बोलते हैं। लोगों को हाथ उठाकर भारत माता की जय बोलते देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही हैं। मनोज तिवारी यहीं नहीं रुके। बाद मे उन्होंने साफ-साफ कहा कि जिसे बोलना है बोले, जिसको नहीं बोलना है मत बोले। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम खत्म होने के बाद युवाओं की एक टोली घूम-घूमकर भारत माता की जय के नारे लगा रही थी।