जबरन युवती को उठा ले गए प्रेम विवाह से नाराज परिजन, ऑनर किलिंग का खतरा
प्रेम विवाह करने गई युवती के परिजन उसे तहसील परिसर से उठा ले गए। प्रेमी ने थाने में लड़की के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है।
गाजियाबाद [ जागरण संवाददाता ] । युवती के प्रेम विवाह करने से नाराज परिजन सोमवार दोपहर सरेआम युवती को उठा ले गए। घटना सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित तहसील परिसर की है। युवती अपने प्रेमी के साथ परिजनों से छिपते हुए शादी करने गाजियाबाद पहुंची थी।
मामले में प्रेमी ने सिहानी गेट थाने पहुंचकर ऑनर किलिंग का खतरा जताते हुए शिकायत की। मगर थाने में पुलिस ने उसे भगा दिया। इसके बाद उसने एसपी सिटी सलमान ताज पाटिल को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी सिटी सलमान ताज पाटिल ने थाना पुलिस को जमकर फटकार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
सोनीपत, हरियाणा के सुभाष नगर का रहने वाला 23 वर्षीय अमन पेशे से ड्राइवर है। सोनीपत की गोहाना तहसील के छपरा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय प्रियंका से उसका कई सालों से प्रेम प्रसंग था। प्रियंका 12वीं के बाद टीचिंग का कोर्स कर रही है। उसके पिता हरियाणा में ही सरकारी डॉक्टर हैं।
परिजनों को उनके प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो वे विरोध करने लगे। गत शुक्रवार को दोनों दो दोस्तों समेत घर से भागे। हरियाणा में शादी करते पकड़े न जाए, इसके चलते अमन और प्रियंका दो दोस्तों के साथ गाजियाबाद आ गए।
पहले इन्होंने मधुबन-बापूधाम स्थित सर्व समाज वैदिक आर्य समाज मंदिर में विवाह किया। उसके बाद विवाह पंजीकरण कराने के लिए गाजियाबाद तहसील पहुंचे। शुक्रवार को कागजी कार्रवाई तो सब पूरी हो गई। लेकिन सर्वर डाउन होने के चलते दोनों की बॉयोमैट्रिक नहीं हो सकी। जिसके चलते दोनों अपने दो दोस्तों के साथ बहादुरगढ़ हरियाणा चले गए।
अमन और प्रियंका के साथ उनके दोस्त अमित और कविता थे। इन दोनों का भी प्रेम-प्रसंग था। ये भी शादी करने के लिए उनके साथ भागे थे। सोमवार को ये चारों फिर से गाजियाबाद तहसील पहुंचे। सोनीपत से चारों का एक दोस्त रवि भी गाजियाबाद आया।
तहसील में बॉयोमैट्रिक और विवाह पंजीकरण की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रियंका अपनी दोस्त कविता के साथ बाहर की तरफ आ गई। इसी दौरान प्रियंका के पिता उसके भाई समेत पांच युवकों के साथ वहां पहुंचे और प्रियंका को जबरन उठाकर कार में डालकर ले गए। कविता ने शोर भी मचाया। लेकिन उसकी मदद को कोई आगे नहीं आया।
इसके बाद अमन साथियों समेत सिहानी गेट थाने पहुंचा और शिकायत दी। अमन ने ऑनर किलिंग का खतरा जताते हुए पत्नी प्रियंका को अपहरण किए जाने की शिकायत दी। एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि शिकायत पर अपहरण और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
हरियाणा में अमन के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहां प्रियंका के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था।