विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के सिंधू बॉर्डर पर देशविरोधी नारे लिखने वाले तीन गिरफ्तार, कनाडा से हवाला फंडिंग का खुलासा

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:28 PM (IST)

सिंधु बॉर्डर पर गुरु तेग बहादुर मेमोरियल की दीवारों पर देशविरोधी नारे लिखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. सिंघू बॉर्डर पर देशविरोधी नारे लिखने के आरोप में तीन गिरफ्तार।

  2. खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के कथित इशारे पर हुई कार्रवाई।

  3. प्रीतपाल को मास्टरमाइंड बताया, हवाला फंडिंग का भी खुलासा हुआ।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अलीपुर थाना अंतर्गत सिंधू बार्डर के पास गुरु तेग बहादुर मेमोरियल की दीवारों पर देशविरोधी नारे और आपत्तिजनक बातें भित्तीचित्र में लिखने के मामले में आउटर नार्थ जिला पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के कथित इशारे पर की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रीतपाल, निरंजन और हरमिंदर के रूप में हुई है। पुलिस प्रीतपाल को पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया है।

कनाडा से हवाला फंडिंग और विदेशी हैंडलर्स का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, सात सितंबर को मेमोरियल पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। दीवारों पर खालिस्तान और प्रतिबंधित संगठन सिख्स फार जस्टिस (एसएफजे) से जुड़े संदेशों के साथ प्रधानमंत्री के खिलाफ भी आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं।

बाद में इन नारों और लिखे गए संदेशों का वीडियो बनाकर प्रसारित किया गया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आउटर नार्थ जिले की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया।

पुलिस टीमों ने जांच के दौरान पंजाब के फरीदकोट और हरियाणा में कई स्थानों पर दबिश दी। इसके बाद प्रीतपाल, निरंजन और हरमिंदर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस को विदेश में बैठे कथित हैंडलर्स के साथ आरोपितों के संपर्क के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रीतपाल को विदेश में बैठे लोगों से निर्देश मिलते थे। आरोप है कि कनाडा से हवाला के जरिये उसे रकम भेजी जाती थी। जांच एजेंसियां अब इस रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल का पता लगा रही हैं।

इसके अलावा प्रीतपाल के कथित तौर पर हेरोइन तस्करी से जुड़े संबंधों और नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपितों के मोबाइल फोन की जांच में खालिस्तान से जुड़े कई समूहों के संपर्क और बातचीत का डेटा मिला है।

पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों का नेटवर्क कितना बड़ा है और देश के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे मामलों में उनकी क्या भूमिका रही है।

प्रीतपाल मास्टरमाइंड

पुलिस के मुताबिक, प्रीतपाल को 2023 में जी-20 सम्मेलन के दौरान दिल्ली में देशविरोधी नारे लिखवाने के आरोप में स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। उस मामले में उस पर राजविंदर नाम के मजदूर को नारे लिखने के लिए तैयार करने का आरोप लगा था।

पुलिस का कहना है कि दोनों एक एप के माध्यम से पन्नू के संपर्क में थे और काम पूरा होने के बाद उससे फोन पर बात भी की थी।

कानून की पढ़ाई कर चुके प्रीतपाल पर एसएफजे से जुड़े माड्यूल को संचालित करने का भी आरोप है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से दिल्ली और आसपास के राज्यों में देशविरोधी नारे लिखने की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका और विदेश में बैठे हैंडलर्स से संपर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले इस तरह की हरकत को लेकर अब इस बाबत मामले की जांच स्पेशल सेल कर रही है।

यह भी पढ़ें- 'देशविरोधी कांग्रेस के मुंह पर उमर-फारूक ने मारा तमाचा', वंदे मातरम् मामले को लेकर BJP का हमला

यह भी पढ़ें- भोपाल से शुरू हुई जांच पहुंची कई राज्यों तक, देशविरोधी गतिविधियों में पाकिस्तानी हैंडलर कनेक्शन के चलते NIA ले सकती है कमान