15 फरवरी से दोबारा लागू हो सकता है ऑड-ईवन फॉर्मूला
दिल्ली में 15 फरवरी से एक बार फिर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू हो सकता है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि जनता ने 15 फरवरी से ऑड-ईवन फॉर्मूला दोबारा लागू करने का सुझाव दिया है।
नई दिल्ली। दिल्ली में 15 फरवरी से एक बार फिर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू हो सकता है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि जनता ने 15 फरवरी से ऑड-ईवन फॉर्मूला दोबारा लागू करने का सुझाव दिया है। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व मे होने वाली बैठक मे इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
राजधानी में ऑड-ईवन फॉर्मूला दोबारा लागू करने के लिए शनिवार व रविवार को दिल्ली के अधिकतर विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों ने जनसभा आयोजित कर लोगों से उनकी राय ली। अधिकांश जनसभाओं में जनता ने जल्द से जल्द फॉर्मूले को लागू करने का सुझाव दिया है।
बता दें कि ऑड-ईवन फॉर्मूला दोबारा लागू करने के लिए दिल्ली सरकार बड़े पैमाने पर लोगों से बातचीत कर रही है। माना जा रहा है कि इस बार दिल्ली सरकार फॉर्मूले में कुछ बदलाव कर इसे सख्त बना सकती है। पिछली बार की अपेक्षा इस बार इसका दायरा बढ़ सकता है। पर्यावरण विशेषज्ञों का भी मानना है कि आधा-अधूरा नियम लागू करने से पर्यावरण में ज्यादा सुधार नहीं होगा।
मालूम हो कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने एक से 15 जनवरी तक ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू किया था।