दिल्ली में 17 KM लंबी सड़क का होगा चौड़ीकरण, जाम से मिलेगी बड़ी राहत; PWD खर्च करेगा 26.59 करोड़ रुपये
दिल्ली में यातायात सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी बादली-बवाना और बवाना-औचंदी सड़क को चौड़ा करेगा। 26.59 करोड़ रुपये की लागत से ...और पढ़ें
-1791025109066_m.webp)
17 किलोमीटर लंबी बादली-बवाना और बवाना-औचंदी सड़क होगी चौड़ी। AI जनरेटेड
HighLights
उत्तरी दिल्ली में बादली-बवाना और बवाना-औचंदी सड़क का चौड़ीकरण।
26.59 करोड़ रुपये की लागत से 17.55 किमी सड़क का निर्माण।
छह माह में पूरा होगा कार्य, जाम से मिलेगी राहत।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में यातायात सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बादली-बवाना और बवाना-औचंदी सड़क को चौड़ा करने के साथ साथ इसे बेहतर बनाने की तैयारी है।
इस कार्य पर 26.59 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 17.55 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग को बेहतर बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है, छह माह में पूरा होगा।
यह मार्ग डीटीयू, शाहबाद दौलतपुर, बवाना, पूठ खुर्द, बरवाला और औचंदी क्षेत्र को जोड़ता है। इसके चौड़ी होने और नई बनाने पर जाम की समस्या समाप्त होगी और लोग बेहतर तरीके से आवागमन कर सकेंगे।
पीडब्ल्यूडी इस मार्ग का डीटीयू मुख्य द्वार से औचंदी सीमा तक सर्वे भी करा चुका है। यह सड़क चौड़ी होने से बवाना औद्योगिक क्षेत्र, रोहिणी और नरेला की ओर आने-जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
रखरखाव की जिम्मेदारी
औचंदी सीमा के कारण इसका लाभ हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी मिल सकेगा। ठेकेदार पांच साल तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगा।
सड़क चौड़ीकरण के साथ विभाग सड़क की मौजूदा स्थिति का विस्तृत सर्वे भी कराएगा। इसके लिए नेटवर्क सर्वे वाहन का इस्तेमाल किया जाएगा। सर्वे के दौरान सड़क की सतह, चौड़ाई, ढलान, दरार, गड्ढे, किनारों की टूट-फूट और सड़क की ऊबड़-खाबड़ स्थिति समेत विभिन्न पहलुओं का आंकड़ा जीपीएस के साथ दर्ज किया जाएगा। इससे सड़क की मौजूदा स्थिति का तकनीकी आकलन किया जा सकेगा।
ठेकेदार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी
इस काम में सड़क को खरोच कर निकलने वाली बिटुमिन सामग्री के पुन: इस्तेमाल का भी प्रविधान है। टेंडर के अनुसार गर्म मिश्रण में 30 प्रतिशत तक इस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही बिटुमिन मिश्रण में अपशिष्ट प्लास्टिक का भी निर्धारित मात्रा में उपयोग किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद भी ठेकेदार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी।
बिटुमिन वाली इस सड़क के लिए कुल पांच वर्ष की गारंटी का प्रविधान किया गया है। इस दौरान सड़क को बेहतर बनाए रखने की ठेकेदार की ही जिम्मेदारी रहेगी।
यह सड़क 30 मीटर से लेकर 45 मीटर तक चौड़ी है, मगर दाेनों और कच्ची भूमि पर भी सड़क बनाकर उसे चौड़ा किया जाएगा।
