एक्सप्रेस-वे बनने से जाम से मिली राहत
एनएच नौ के चौड़ीकरण और इस पर मेरठ एक्सप्रेस बनाए जाने से पूर्वी दिल्ली के कई इलाके के लोगों का सफर आसान हो गया है। लेकिन कुछ समय पहले तक इस रोड पर यूपी गेट से लेकर सराय काले खां तक आठ किलोमीटर की दूरी में सफर आसान नहीं था।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : एनएच नौ के चौड़ीकरण और इस पर मेरठ एक्सप्रेस-वे बनाए जाने से पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सफर आसान हो गया है। एक्सप्रेस-वे बनने से पहले इस मार्ग पर यूपी गेट से लेकर सराय काले खां तक आठ किलोमीटर की दूरी तक सफर आसान नहीं था। व्यस्त समय में यूपी गेट से जाम लगने का सिलसिला शुरू होता था और सराय काले खां तक जारी रहता था। अब महज 10 मिनट में इस दूरी को पूरा किया जा सकता है।
दिल्ली में 2010 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों से ठीक पहले एनएच-नौ को आठ लेन का किया गया था। इस दौरान अक्षरधाम मंदिर के पास फ्लाईओवर और कई फुट ओवरब्रिज बनाए गए थे। उस समय मयूर विहार फेज दो लालबत्ती पर फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, जिसे निरस्त कर दिया गया था। एनएच-नौ को आठ लेन किए जाने से लोगों को सुविधातो हुई, लेकिन व्यस्त समय में जाम लगने का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। मयूर विहार फेज दो लालबत्ती पर अक्सर जाम लगता था, अब लाल बत्ती खत्म हो गई है। नए अंडरपास के साथ यू-टर्न के लिए भी दो अंडरपास बनाए गए हैं। इससे मयूर विहार फेज दो के अलावा विनोद नगर, कल्याणपुरी, त्रिलोकपुरी और मयूर विहार फेज तीन व नोएडा से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी।
मदर डेयरी रोड की समस्या भी हुई खत्म : पांडव नगर में मदर डेयरी रोड के पास बने अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाई गई है। इससे यहां भी जाम की समस्या खत्म हो गई है। पांडव नगर के पास सड़क की चौड़ाई काफी बढ़ गई है और यहां से नोएडा की ओर जाने के लिए स्लीप रोड बना है।
सराय काले खां की ओर जाने वाले पहले ही मुड़ जाएंगे : एनएच-नौ पर गाजियाबाद व पूर्वी दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों का सराय काले खां फ्लाईओवर के पास जमावड़ा लग जाता था। ¨रग रोड पर दोनों ओर जाने वाले वाहन एक ही जगह आ जाते थे, जिससे बाएं मुड़ने वाले भी जाम में फंस जाते थे। अब सराय काले खां की ओर से जाने वालों के लिए लाल बत्ती से काफी पहले स्लीप रोड बना दी गई है।
खिचड़ीपुर की समस्या भी हुई खत्म : खिचड़ीपुर अंडरपास के पास भी एनएच-नौ के नीचे जाम की समस्या रहती थी। यहां भी अंडरपास चौड़ा करने के साथ यू-टर्न के लिए भी दो अंडरपास बनाए गए हैं।
गाजीपुर फ्लाईओवर के पास भी नहीं लग रहा जाम : गाजीपुर फ्लाईओवर के नीचे और आसपास सड़क काफी चौड़ी हो गई है। इससे यहां वाहन चालकों की परेशानी खत्म हो गई है।
अक्षरधाम मंदिर रोड की समस्या भी हुई खत्म : एनएच नौ पर जाम लगने का असर लक्ष्मीनगर चुंगी से अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन वाले रोड पर भी पड़ता था, क्योंकि यहां से एनएच-नौ की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार एकदम धीमी हो जाती थी। लेकिन यहां से बिना जाम में फंसे वाहन निकल रहे हैं।
-------------
बॉक्स
परियोजना के तहत किए गए काम
सराय काले खां से यूपी गेट तक करीब आठ किलोमीटर लंबे मार्ग में सात अंडरपास बनाए गए हैं। मुख्य अंडरपास मदर डेयरी रोड, मयूर विहार फेज-दो और खिचड़ीपुर में है। इसके अलावा खिचड़ीपुर व मयूर विहार फेज-दो में यू-टर्न के लिए दो-दो अंडरपास बने हैं। मयूर विहार फेज-दो में पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास बनाया गया है। सभी अंडरपास को कलाकृतियों से सजाया गया है। सराय काले खां यमुना पुल के दोनों ओर हैं¨गग गार्डन लगाए गए हैं। नोएडा मोड़, पांडव नगर और गाजीपुर के पास तीन फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं। 14 लेन के इस राजमार्ग पर बीच का छह लेन मेरठ एक्सप्रेस-वे और दोनों ओर दो लेन सर्विस रोड है। साथ ही साइकिल लेन ओर फुटपाथ का निर्माण भी किया गया है। हालांकि फुटपाथ का काम अभी चल रहा है। केबल के लिए सड़क के दोनों ओर ट्रैंच बनाया गया है और हर 500 मीटर पर इसे सड़क के दूसरी ओर के केबल ट्रैंच से जोड़ा गया है। इससे फाल्ट होने पर सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।