विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LG का कड़ा रुख देख जागी एजेंसियां, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में सालों पुरानी सीवर समस्या दूर; लोगों को मिली राहत

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:04 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सीवर समस्या का समाधान हो गया है। ...और पढ़ें

लोगों को राहत मिली। जागरण

लोगों को राहत मिली। जागरण

HighLights

  1. न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सीवर समस्या का समाधान।

  2. उपराज्यपाल ने मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

  3. दैनिक जागरण की खबर के बाद दिल्ली जल बोर्ड ने सफाई की।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के ए ब्लॉक में लंबे समय से बनी सीवर समस्या से आखिरकार लोगों को राहत मिल गई है।

आरडब्ल्यूए की कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से लोग गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर थे। आलीशान घरों के बाहर सीवर के पानी और इससे हो रही परेशानी को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था।

इस मामले पर उपराज्यपाल ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सीवर की सफाई करा दी गई है।

सीवर ओवरफ्लो की परेशानी

दरअसल, इलाके में पांच दशक पहले बिछी सीवर लाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त हैं, जिससे ए, बी, सी और डी ब्लाक में अक्सर सीवर ओवरफ्लो की परेशानी रहती है।

सीवर चैंबर पूरी तरह चोक होने के कारण पानी बैक मारता है और घरों के आगे जलभराव की स्थिति बन जाती है। ए ब्लाक में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो के चलते नारकीय हालात बने हुए थे।

प्रमुखता से प्रकाशित किया 

इस संबंध में आरडब्ल्यूए ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सहित मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, सांसद, विधायक व पार्षदों से शिकायत की थी। वहीं समस्या को दैनिक जागरण ने तीन सितंबर व सात अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

इसके बाद जल बोर्ड की टीम ने बुधवार से सीवर की सफाई का कार्य शुरू किया। एनएफसी अशोका पार्क आरडब्ल्यूए सदस्य अरुण जग्गी ने कहा कि आए दिन सीवर की परेशानी रहती है।

ए ब्लाक में पिछले एक महीने से हम लोग त्रस्त थे। दैनिक जागरण ने लगातार खबरें प्रकाशित की इस सहयोग के लिए आभारी हैं।