विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैदल यात्रियों की राह होगी आसान, दिल्ली में 4 नए फुट ओवर ब्रिज को हरी झंडी; 3 में लगेंगे एस्केलेटर

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:06 PM (IST)

दिल्ली में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग चार नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने जा रहा ...और पढ़ें

दिल्ली में बनेंगे 4 नए फुटओवर ब्रिज। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली में बनेंगे 4 नए फुटओवर ब्रिज। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. लोक निर्माण विभाग चार नए एफओबी बनाने की तैयारी में

  2. शाहबाद डेयरी, जीवन पार्क, जनकपुरी, कटवारिया सराय में निर्माण

  3. कुल 15.53 करोड़ रुपये लागत, छह माह में पूरा होगा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी की व्यस्त सड़कों पर पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में होने वाली परेशानी जल्द कम हो सकती है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने शाहबाद डेयरी, जीवन पार्क, जनकपुरी और कटवारिया सराय में चार नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

चारों परियोजनाओं पर करीब 15.53 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। काम शुरू होने के बाद इन्हें छह महीने में पूरा करने की समय सीमा तय की गई है।

तीन एफओबी पर लगेंगे एस्केलेटर

निविदा के अनुसार पहला एफओबी बादली-बवाना मार्ग पर शाहबाद डेयरी में बनाया जाएगा। दूसरा जीवन पार्क के ए-2 खंड में बस अड्डे के पास मेजर दीपक त्यागी लालबत्ती के निकट बनेगा। तीसरा जनकपुरी में माता चानन देवी अस्पताल की सी-1 लालबत्ती के पास पंखा रोड पर बनाया जाएगा।

इन तीनों स्थानों पर पैदल यात्रियों की आवाजाही अधिक होने के कारण सड़क पार करना चुनौतीपूर्ण रहता है। यात्रियों की सुविधा के लिए इन एफओबी में एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। तीनों के निर्माण पर 11 करोड़ 56 लाख 48 हजार 124 रुपये खर्च होने का अनुमान है।

कटवारिया सराय में अलग टेंडर

कटवारिया सराय में शहीद जीत सिंह मार्ग पर बनने वाले एफओबी के लिए अलग से टेंडर जारी किया गया है। इसके निर्माण पर 3.97 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस तरह चारों एफओबी की अनुमानित लागत करीब 15.53 करोड़ रुपये होगी।

कई एफओबी के काम पहले से जारी

पीडब्ल्यूडी इससे पहले भी कई स्थानों पर एफओबी से जुड़े काम शुरू कर चुका है। सात जनवरी को ग्रेटर कैलाश के गांव चिराग दिल्ली और 13 जनवरी को मोनास्टरी मार्केट, बुध विहार, रिंग रोड और कश्मीरी गेट के पास एफओबी के बचे हुए सिविल और बिजली के काम पूरे करने की निविदा जारी की गई थी। इन पर काम चल रहा है।

आजादपुर और कश्मीरी गेट में भी योजना

19 फरवरी को शिवम और सत्यम एन्क्लेव तथा गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के पास लिफ्ट सहित एफओबी के लिए विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने की निविदा जारी की गई थी। इसका अध्ययन चल रहा है।

वहीं, नौ जून को आजादपुर में एफओबी और 15 जुलाई को आजादपुर गोल चक्कर पर एफओबी के नवीनीकरण की निविदा जारी की गई थी। 29 अगस्त को कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 3-4 तथा 5-6 के पास बुलेवार्ड रोड पर एफओबी के डिजाइन और परामर्श के लिए निविदा जारी हुई थी। इन पर भी काम चल रहा है।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल काल के DDC की छुट्टी, अब दिल्ली में बनेगा नया DITI आयोग; CM रेखा गुप्ता होंगी अध्यक्ष