Wrestlers Protest: बृजभूषण की गिरफ्तारी न होने पर भड़कीं स्वाति मालीवाल, दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस
DCW की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के 11 दिन बाद भी महिला पहलवानों के बयान दर्ज होने पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर आरोपित को बचाने का आरोप भी लगाया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के जंतर-मंतर पर WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का धरना जारी है। अब इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर सवाल पूछा है।
पुलिस ने दर्ज नहीं किए महिला पहलवानों के बयान
DCW की अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस को भेजे इस नोटिस के बारे में अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नोटिस की तस्वीरें साझा कर दी है। उन्होंने नोटिस की जानकारी साझा करते हुए लिखा, पहले लंबे वक्त तक पुलिस ने बृजभूषण पर एफआईआर नहीं की। आंदोलन और कोर्ट के दबाव में मजबूरी में मामला दर्ज किया तो अब 11 दिनों के बाद भी महिला पहलवानों के सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज नहीं किए हैं।
पहले लंबे समय तक पुलिस ने #BrijBhushan पर FIR नहीं की। आंदोलन और कोर्ट के दबाव में मजबूरी में FIR दर्ज हुई तो अब 11 दिन बाद भी महिला #Wrestlers के 164 के बयान नहीं हुए। बृजभूषण को गिरफ़्तारी से बचाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। पुलिस को Summon जारी कर जवाब माँगा है। pic.twitter.com/lA4LB71nGB
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) May 9, 2023
बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तारी से बचाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। इसी बारे में पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
किसानों ने किया पहलवानों का समर्थन
बीते दिनों पहलवानों ने दिल्ली पुलिस पर अपने साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए लोगों से धरनास्थल पर पहुंचने की मांग की थी, जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन और संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाए थे। जिन्हें तोड़ते हुए किसान धरनास्थल की ओर कूच करने पहुंचे थे।
महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप
पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 23 अप्रैल से प्रदर्शन कर रहे हैं। एक नाबालिग समेत 7 महिला पहलवानों ने उनपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगया है। इससे पहले उन्होंने इस साल के शुरुआत में जंतर मंतर पर धरना दिया। तब खेल मंत्रालय के दखल के बाद पहलवानों ने अपना धरना खत्म कर दिया और इस मामले में जांच के लिए एक समिति का गठन किया था, लेकिन अब पहलवानों ने समिति पर ही सवाल उठा दिए हैं>